Haryana Sports News: खेल के मैदान पर हरियाणा के युवाओं का जलवा एक बार फिर देखने को मिला है। जम्मू विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स हॉल में आयोजित नॉर्थ जोन मुए थाई चैंपियनशिप में हरियाणवी खिलाड़ियों ने अपने पंच और किक के दम पर शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में अपनी बेहतरीन खेल कला का प्रदर्शन करते हुए हरियाणा की टीम ने लगातार दूसरी बार ओवरऑल विजेता की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। प्रदेश के जांबाज एथलीटों ने कुल 34 स्वर्ण, 19 रजत और 9 कांस्य पदक झोली में डालकर पहले स्थान पर कब्जा जमाया।
75 सदस्यीय दल ने जम्मू में भरा हुंकार
इस प्रतिष्ठित नॉर्थ जोन प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए हरियाणा से कुल 75 सदस्यों का मजबूत दल जम्मू पहुंचा था। इस दल में राज्यभर से चुने गए 67 प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल थे, जिन्होंने अलग-अलग भार वर्ग में अपनी मुट्ठी भींचकर प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर दी। खिलाड़ियों के अलावा महिला एवं पुरुष कोच, टीम मैनेजर, तीन तकनीकी अधिकारी, चीफ द मिशन और मुए थाई खेल संघ-हरियाणा के महासचिव सोमबीर वशिष्ठ भी इस दौरे पर साथ रहे। सभी ने मिलकर टीम का मनोबल बनाए रखा और मैदान पर बेहतरीन समन्वय दिखाया।
खिलाड़ियों की पसीना बहाने की मेहनत लाई रंग
मुए थाई खेल संघ-हरियाणा के महासचिव सोमबीर वशिष्ठ ने जीत के बाद खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की दिन-रात की मेहनत, उनके प्रशिक्षकों के सटीक मार्गदर्शन और संघ के निरंतर प्रयासों का सुखद परिणाम है। उन्होंने बताया कि हमारे खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए कुल 34 गोल्ड मेडल, 19 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए। इसी दमदार प्रदर्शन के बलबूते टीम ने ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी पर लगातार दूसरी बार अधिकार जमाया।
संघ के पदाधिकारियों ने की हौसला अफजाई
हरियाणा टीम के इस शानदार प्रदर्शन से खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। मुए थाई खेल संघ-हरियाणा के अध्यक्ष सत्य प्रकाश समेत संघ के तमाम पदाधिकारियों ने सभी विजेता खिलाड़ियों, कोचों और तकनीकी अधिकारियों को इस ऐतिहासिक जीत की बधाई दी है। संघ के दिग्गजों ने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि ये युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हरियाणा और देश का नाम रोशन करने का काम जारी रखेंगे।
यह भी पढ़ें–Bhiwani News: भीम स्टेडियम से भिवानी को बड़ी सौगात, सीएम सैनी ने किया 8 नई परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास

