Ateli Mandi News: प्रदेश के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने अटेली मंडी का दौरा कर किसानों और आढ़तियों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही उनके निदान के निर्देश दिए। इस दौरान मंडी की ओर से उन्हें सोल पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
मंत्री राणा ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों को जो सुविधाएं दे रही है, वे पूरे भारतवर्ष में कहीं और देखने को नहीं मिलेंगी। उन्होंने दावा किया कि फसलों के सबसे अधिक रेट केवल हरियाणा प्रदेश में ही मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि बाजरे पर सरकार द्वारा भावांतर की राशि भी किसानों को दी गई है।
अन्य राज्यों में बाजरे के भाव अधिक होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भावांतर की राशि मिलाकर हरियाणा में किसानों को बाजरे की खरीद पर कुल 2900 रुपये प्रति क्विंटल तक का भाव मिल रहा है।
कृषि मंत्री ने कहा कि बाजरे की खरीद के पूरे सीजन में किसी भी किसान को कोई परेशानी नहीं आने दी गई।
पोर्टल या डेटा वेरिफिकेशन से जुड़ी जो भी समस्या सामने आई, उसका तुरंत समाधान किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा तय किए गए मूल्य से अधिक रेट पर बाजरे की फसल बिकी है।
मंडी में साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि जल्द ही सभी मंडियों में कचरा प्रबंधन के लिए डंपिंग यार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कचरे का संग्रहण सही तरीके से हो सके और उसका व्यवस्थित निष्पादन किया जा सके।
उन्होंने इस मुद्दे को गंभीरता से लेने की बात कही और आश्वासन दिया कि साफ-सफाई के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
इस अवसर पर मंडी अटेली की ओर से चेयरमैन दिनेश जैलदार ने मंडी व्यापारियों की तरफ से मांगें मंत्री के सामने रखीं।
इनमें मंडी की चारदीवारी की ऊंचाई बढ़ाने, सरसों की जांच के लिए सरकारी लैब की व्यवस्था करने, अटल कैंटीन के लिए नया भवन बनाने, मार्केट कमेटी को निरीक्षण के लिए सरकारी वाहन उपलब्ध कराने और मंडी में पार्क की व्यवस्था करने की मांगें शामिल थीं। मंडी चेयरमैन की ओर से भी कुछ अन्य मांगें रखी गईं। मंत्री ने इन सभी मांगों पर ध्यानपूर्वक विचार करने और उन पर अमल करने की बात कही।
इस मौके पर एसडीएम गुरविंदर सिंह, चेयरमैन दिनेश जैलदार, मार्केटिंग बोर्ड के एसडीओ प्रवेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी डॉ. नेहा, सचिव सुनीता फोगाट, संजय अग्रवाल और हिमांशु भूपेश सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
यह भी देखें – दूसरों के जीवन में खुशियों का उजाला लाना ही असली दिवाली है- दिनेश भार्गव


