Ateli Mandi News: पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के दिशा-निर्देशानुसार जिला पुलिस महेंद्रगढ़ द्वारा न्यायालय से उद्घोषित व्यक्तियों एवं विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में थाना अटेली पुलिस ने न्यायालय के आदेशों की अवहेलना कर अनुपस्थित चल रहे उद्घोषित आरोपी प्रदीप निवासी गांव मोहनपुर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, आरोपी प्रदीप न्यायालय में विचाराधीन एक मामले में लगातार अनुपस्थित चल रहा था। न्यायालय द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत उद्घोषणा जारी किए जाने के बावजूद आरोपी पेश नहीं हुआ।
इस पर माननीय न्यायालय ने 24 अगस्त 2026 को आरोपी को उद्घोषित व्यक्ति घोषित करते हुए उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। न्यायालय के आदेशों की अनुपालना में थाना अटेली में 06 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना अटेली पुलिस ने 06 नवंबर 2026 को आरोपी प्रदीप उर्फ जुर्राट को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल नसीबपुर भेज दिया गया।
जिला पुलिस महेंद्रगढ़ ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वाले एवं कानून से बचने का प्रयास करने वाले वांछित आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। कानून एवं न्यायिक प्रक्रिया की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
यह भी देखें – दूसरों के जीवन में खुशियों का उजाला लाना ही असली दिवाली है- दिनेश भार्गव


