Bhiwani News: भिवानी में 10 हजार की रिश्वत लेते कानूनगो गिरफ्तार, स्वामित्व योजना की रिपोर्ट के बदले मांगे थे रुपये
भिवानी में 10 हजार की रिश्वत लेते कानूनगो गिरफ्तार, स्वामित्व योजना की रिपोर्ट के बदले मांगे थे रुपये
Bhiwani News: भिवानी तहसील में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (विजिलेंस) ने बड़ी सफलता हासिल की है। विजिलेंस की टीम ने एक शिकायत के आधार पर जाल बिछाकर फील्ड कानूनगो अशोक कुमार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी कानूनगो सरकार की ‘स्वामित्व योजना’ के तहत पंचायती जमीन की पैमाइश रिपोर्ट देने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।
20 साल पुराने कब्जे की पैमाइश रिपोर्ट के नाम पर मांगा था ‘कमिशन’
मामले की जानकारी देते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो के इंस्पेक्टर जगजीत सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई गांव मंढाना निवासी एक ग्रामीण की शिकायत पर की गई है।
शिकायतकर्ता के परिचित ने ‘स्वामित्व योजना’ के तहत पंचायती जमीन पर अपने 20 साल से अधिक पुराने कब्जे के आधार पर मालिकाना हक के लिए आवेदन किया था। नियम के अनुसार, ऐसी जमीन का मुआयना और पैमाइश कर रिपोर्ट आगे भेजनी होती है। आरोप है कि फील्ड कानूनगो अशोक कुमार ने पैमाइश तो कर ली थी, लेकिन रिपोर्ट तैयार कर आगे भेजने के बदले 10 हजार रुपये की मांग पर अड़ गया था।
ऑडियो रिकॉर्डिंग से खुली पोल, विजिलेंस ने रंगे हाथों दबोचा
जब कानूनगो बिना पैसे लिए काम करने को तैयार नहीं हुआ, तो शिकायतकर्ता ने समझदारी दिखाते हुए रिश्वत की मांग की ऑडियो रिकॉर्डिंग कर ली और विजिलेंस से संपर्क साधा। शिकायत का सत्यापन करने के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए रणनीति बनाई। जैसे ही शिकायतकर्ता ने तय रकम कानूनगो अशोक कुमार को सौंपी, घात लगाकर बैठी विजिलेंस टीम ने उसे धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से रिश्वत के 10 हजार रुपये बरामद कर लिए गए।
1994 में पटवारी बना था आरोपी, अब जाएगा जेल
ACB अधिकारियों के मुताबिक, भिवानी के सेक्टर-13 का रहने वाला आरोपी अशोक कुमार वर्ष 1994 में बतौर पटवारी सरकारी सेवा में भर्ती हुआ था। इसके बाद साल 2020 में उसे पदोन्नत कर कानूनगो बनाया गया था, तब से वह अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात रहा।
विजिलेंस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही विजिलेंस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी काम के एवज में रिश्वत मांगता है, तो उसकी शिकायत तुरंत एंटी करप्शन ब्यूरो से करें।
