Chandigarh Crime News: शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा दो अलग-अलग मामलों में चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर सोने के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया, जबकि दूसरी घटना में घर के बाहर खड़ी साइकिल चोरी कर ली गई। दोनों मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहली घटना सेक्टर-42 की है। यहां निवासी परवीन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 25 जून को उनके घर के बाहर खड़ी साइकिल अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। काफी तलाश के बावजूद साइकिल का कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सेक्टर-36 थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी वारदात सेक्टर-41 में हुई। पीड़ित बलवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि एक जुलाई को अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गया। चोर घर में रखे सोने का हार, सोने की बालियां, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी गोल्ड ईयर स्टड और 2,500 रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
इस मामले में सेक्टर-39 थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(बी) और 331(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस दोनों घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा संदिग्ध लोगों की गतिविधियों और स्थानीय स्तर पर सक्रिय अपराधियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें; चंडीगढ़ में पहला फुली डिजिटल म्यूजियम बनाने की तैयारी

