Chandigarh Encroachment Helpline: चंडीगढ़ की सड़कों, फुटपाथों और बाजारों में अवैध रेहड़ी-फड़ी और अतिक्रमण की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने नई पहल की है। अब शहरवासी अपने आसपास होने वाले अवैध कब्जों की शिकायत सीधे नगर निगम तक पहुंचा सकेंगे। इसके लिए निगम ने WhatsApp हेल्पलाइन नंबर 9915762917 जारी किया है। लोग अतिक्रमण या बिना अनुमति लगाई गई रेहड़ियों की फोटो खींचकर इस नंबर पर भेज सकते हैं, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों की टीम शिकायत की जांच कर कार्रवाई करेगी। इस व्यवस्था के तहत शहरवासियों को अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराने के लिए केवल फोटो भेजना ही पर्याप्त नहीं होगा। उन्हें उस जगह की स्पष्ट लोकेशन भी साझा करनी होगी, ताकि नगर निगम की प्रवर्तन टीम को मौके की पहचान करने में परेशानी न हो।
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि WhatsApp पर शिकायत भेजते समय संबंधित स्थान की साफ फोटो जरूर लगाएं। इसके साथ सेक्टर का नाम, सड़क की जानकारी या आसपास मौजूद किसी प्रमुख स्थल का विवरण भी देना होगा। उदाहरण के तौर पर यदि किसी बाजार, सड़क या फुटपाथ पर अवैध रेहड़ी लगी है अथवा किसी ने सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा किया हुआ है तो उसकी फोटो के साथ सटीक जगह की जानकारी भेजी जा सकती है। इससे निगम की टीम शिकायत वाले स्थान तक आसानी से पहुंच सकेगी और मामले की जांच कर सकेगी। शहर में कई जगहों पर रेहड़ी-फड़ी और अन्य अस्थायी कब्जों के कारण पैदल चलने वालों को परेशानी होती है। फुटपाथों पर अतिक्रमण होने से लोगों को सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है।
कमिश्नर अमित कुमार ने नागरिकों से मांगा सहयोग
नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने कहा कि चंडीगढ़ को साफ-सुथरा, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने में शहरवासियों की भागीदारी बेहद अहम है। उन्होंने लोगों से नई WhatsApp सुविधा का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़कों, फुटपाथों, बाजारों और दूसरे सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नागरिकों का सहयोग जरूरी है। निगम की ओर से जारी हेल्पलाइन के माध्यम से लोग अपने आसपास की समस्याओं की जानकारी सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा सकते हैं।
नगर निगम की यह WhatsApp हेल्पलाइन केवल अवैध रेहड़ी-फड़ी और अतिक्रमण की शिकायतों तक सीमित नहीं रहेगी। शहरवासी नगर निगम से जुड़ी दूसरी नागरिक सेवाओं की समस्याएं भी इस नंबर पर भेज सकेंगे। निगम के अनुसार, हेल्पलाइन पर मिलने वाली शिकायतों की संबंधित अधिकारी निगरानी करेंगे। जरूरत पड़ने पर दूसरे विभागों के साथ समन्वय करके समस्या का समाधान कराया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य शिकायतों को सीधे निगम तक पहुंचाना और सार्वजनिक स्थानों से जुड़ी समस्याओं की पहचान आसान बनाना है। इससे पैदल चलने वालों को फुटपाथों पर बेहतर जगह मिल सकेगी और बाजारों तथा सड़कों पर आवाजाही सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
Click Here👉 चंडीगढ़ की खबरें पढ़नें के लिए लिंक पर क्लिक करें


