India 10 Year Transformation: भारत में रह रही पोलैंड की मॉडल डोमिनिका पटलस-कालरा के एक वीडियो ने इन दिनों इंटरनेट पर नया बवंडर खड़ा कर दिया है। डोमिनिका ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल (@domipatalas) पर एक वीडियो पोस्ट कर बताया कि पिछले एक दशक में भारत का इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल ढांचा किस कदर बदल चुका है।
उन्होंने 10 साल पहले के भारत और आज के आधुनिक भारत की तुलना करते हुए 5 ऐसे मुख्य बदलाव गिनाए, जिन्होंने उन्हें हैरान कर दिया। हालांकि, भारत के विकास की यह तारीफ कुछ सोशल मीडिया यूज़र्स को रास नहीं आई और कमेंट सेक्शन में तगड़ी बहस शुरू हो गई।
डोमिनिका को हैरान कर गए भारत के ये 5 बड़े बदलाव
कैशलेस इकोनॉमी और QR कोड: डोमिनिका ने बताया कि 10 साल पहले भारत में हर छोटी-बड़ी चीज़ के लिए कैश की ज़रूरत पड़ती थी। आज चाय की छोटी टपरी से लेकर बड़े शोरूम तक हर जगह QR कोड से UPI पेमेंट हो जाता है।
विश्वस्तरीय एयरपोर्ट्स और सीधी फ्लाइट्स: पहले पोलैंड से भारत आने के लिए कई कनेक्टिंग फ्लाइट्स बदलनी पड़ती थीं। अब आधुनिक टर्मिनल्स और नए एयरपोर्ट्स की बदौलत पोलैंड से भारत का सफर महज 7 घंटे की सीधी फ्लाइट से पूरा हो जाता है।
एक्सप्रेसवे, मेट्रो और नमो भारत: देश में बिछे नए एक्सप्रेसवे और मेट्रो नेटवर्क ने सफर को बेहद आसान बना दिया है। डोमिनिका ने खास तौर पर ‘नमो भारत’ ट्रेन का जिक्र करते हुए कहा कि अब दिल्ली से मेरठ की दूरी सिर्फ 50 मिनट में तय हो जाती है।
10 मिनट की त्वरित डिलीवरी सेवा: पहले छोटी-मोटी चीज़ों के लिए भी बाजार के चक्कर काटने पड़ते थे। आज ब्लिंकिट और ज़ेप्टो जैसे ऐप्स के ज़रिए राशन से लेकर आईफोन तक सब कुछ 10 मिनट के अंदर घर पहुंच जाता है।
वंदे भारत और रेलवे का कायाकल्प: भारतीय रेलवे के बदले स्वरूप की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ‘वंदे भारत’ जैसी आधुनिक ट्रेनों और री-डेवलप हुए रेलवे स्टेशनों ने यात्रा के अनुभव को पूरी तरह बदल दिया है।
तारीफ पर बवाल: ट्रोल्स बोले ‘अंधभक्त’, समर्थकों ने दिया करारा जवाब
लाखों व्यूज बटोर चुके इस वीडियो के वायरल होते ही इंटरनेट दो धड़ों में बंट गया। जहां बड़ी संख्या में लोगों ने भारत के विकास पर गर्व जताया, वहीं कुछ आलोचकों ने डोमिनिका को कमेंट सेक्शन में ‘अंधभक्त’ कहकर ट्रोल करना शुरू कर दिया।
बवाल बढ़ता देख डोमिनिका ने एक और वीडियो जारी कर ट्रोल्स को जवाब दिया। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि उन्हें समझ ही नहीं आ रहा कि आखिर ‘अंधभक्त’ शब्द का मतलब क्या होता है और ज़मीनी हकीकत की तारीफ करने पर लोग उनसे क्यों चिढ़ रहे हैं। वहीं, उनके समर्थन में उतरे एक एनआरआई यूज़र ने लिखा कि भारत की UPI तकनीक, 5G स्पीड और क्विक-कॉमर्स डिलीवरी सर्विस आज कई पश्चिमी और विकसित देशों से कहीं आगे निकल चुकी है।


