Chandigarh News: चंडीगढ़ स्थित अति-सुरक्षित पंजाब एवं हरियाणा विधानसभा भवन को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने से गुरुवार को सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम से लेकर तमाम सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। बिना कोई वक्त गंवाए चंडीगढ़ पुलिस की ऑपरेशन सेल, बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) और डॉग स्क्वायड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
विधानसभा परिसर में चप्पे-चप्पे की ली गई तलाशी, आसपास का इलाका सील
ई-मेल मिलने के तुरंत बाद एहतियातन विधानसभा भवन और आसपास के संवेदनशील इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। सुरक्षा बलों ने विधानसभा के प्रवेश द्वारों पर चौकसी बढ़ा दी और आने-जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी। बम निरोधक दस्ते ने आधुनिक उपकरणों की मदद से परिसर के हर कोने, गलियारों, पार्किंग एरिया और संदिग्ध वस्तुओं की बारीकी से जांच की। वहीं डॉग स्क्वायड की टीम ने भी चप्पे-चप्पे को खंगाला।
साइबर सेल खंगाल रही ई-मेल का IP एड्रेस, पुलिस आरोपी तक पहुंचने में जुटी
धमकी भरे ई-मेल का संज्ञान लेते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने आपराधिक मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस की साइबर क्राइम सेल ई-मेल के सोर्स, सर्वर और आईपी (IP) एड्रेस का पता लगाने में जुटी हुई है, ताकि यह साफ हो सके कि ई-मेल कहां से और किस मंशा से भेजा गया है। प्राथमिक जांच में पुलिस इसे किसी अराजक तत्व की शरारत और फर्जी कॉल (Hoax Email) के नजरिए से भी देख रही है, लेकिन संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा में कोई ढील नहीं दी जा रही है।

