Chandigarh News: सेक्टर-26 अनाज और सब्जी मंडी की बदहाल सड़कों और जल निकासी व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन ने काम तेज करने के निर्देश दिए हैं। निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए राज्य कृषि विपणन बोर्ड के सचिव डी. कार्तिकेयन ने संबंधित विभागों को गुणवत्ता से समझौता किए बिना काम जल्द पूरा करने को कहा। साथ ही निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के दौरान व्यापारियों को कम से कम परेशानी हो और मंडी में यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। सेक्टर-26 मंडी का दौरा करने के बाद बुधवार को सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में चंडीगढ़ प्रशासन के चीफ इंजीनियर, मार्केट कमेटी, इंजीनियरिंग विभाग और नगर निगम के अधिकारी शामिल हुए। अनाज मंडी और सब्जी मंडी की एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं।
बैठक में यूटी के मुख्य अभियंता ने बताया कि जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़कों के निर्माण का काम शुरू हो चुका है। सचिव ने अधिकारियों को तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। मंडी के बाहर की सड़कों की खराब हालत पर संज्ञान लेते हुए सचिव ने यूटी के मुख्य अभियंता और नगर निगम को प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए। वहीं, मंडी परिसर में बने सार्वजनिक शौचालयों के रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपने का अनुरोध किया गया। निगम के कार्यकारी अभियंता ने इस पर सहमति जताई।
ट्रकों की पार्किंग के लिए जगह लेने के निर्देश
सब्जी मंडी की एसोसिएशनों की मांग पर सचिव ने मार्केट कमेटी को सेक्टर-26 स्थित चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के साथ लगते पार्किंग स्थल को नगर निगम से अपने अधीन लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। इससे मंडी में आने वाले ट्रकों की पार्किंग की सुविधा मिल सकेगी। सचिव ने मार्केट कमेटी और इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों को नियमित संयुक्त निरीक्षण करने को कहा, ताकि काम में समन्वय बना रहे और मंडी का कारोबार सुचारू रूप से चलता रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य पूरा होने तक नियमित समीक्षा बैठकें की जाएंगी। गाड़ी पर ‘वीआईपी’ नंबर का ऐसा जुनून, 0001 के लिए लगा दी 21.31 लाख रुपये की बोली !

