China Train Viral Video: चीन की बुलेट ट्रेन के दावों की खुली पोल, एसी डिब्बे के फर्श और बर्थ के नीचे सोते दिखे यात्री

चीन की बुलेट ट्रेन के दावों की खुली पोल, एसी डिब्बे के फर्श और बर्थ के नीचे सोते दिखे यात्री
China Train Viral Video: चीन अक्सर अपनी हाई-स्पीड बुलेट ट्रेनों और अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे का ढिंढोरा पूरी दुनिया में पीटता रहता है। लेकिन हाल ही में सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने चीन के इस दावे की हवा निकालकर रख दी है। भारतीय ट्रैवल यूट्यूबर नोमाड शुभम ने अपनी चीन यात्रा के दौरान वहां की एक लोकल जनरल ट्रेन का जो अंदरूनी नजारा दिखाया है, उसे देखकर इंटरनेट यूजर्स दंग रह गए हैं। बंद डिब्बे के अंदर भारी भीड़, उड़ता सिगरेट का धुआं और फर्श पर चादर बिछाकर सो रहे यात्री किसी को भी हैरान कर सकते हैं।
यूट्यूबर शुभम जब ट्रेन के एसी जनरल कोच में दाखिल हुए, तो नजारा चौंकाने वाला था। डिब्बे के भीतर लड़के और लड़कियां खुलेआम स्मोकिंग कर रहे थे, जिससे पूरा डिब्बा धुएं से भर गया था। जब शुभम ने वहां सिगरेट पी रही एक लड़की से पूछा कि क्या ट्रेन के अंदर धूम्रपान करने की अनुमति है, तो उसने बिना किसी हिचकिचाहट के ‘हां’ में जवाब दिया। डिब्बे में सिगरेट के धुएं का आलम यह था कि यूट्यूबर को खुद सांस लेने में तकलीफ होने लगी।
बर्थ के नीचे सो रहे लोग और टॉयलेट तक जाने का रास्ता ब्लॉक
जैसे-जैसे कैमरा ट्रेन के गलियारे में आगे बढ़ता है, चीन के पब्लिक ट्रांसपोर्ट की एक बेहद अव्यवस्थित तस्वीर सामने आती है। जिन यात्रियों का टिकट कंफर्म नहीं था, वे ट्रेन के फर्श पर ही चादरें और गद्दे बिछाकर बैठे नजर आए। सबसे ज्यादा हैरान करने वाला नजारा तब दिखा जब एक यात्री लोअर बर्थ के नीचे बनी बेहद कम जगह के भीतर पूरी तरह घुसकर सोता हुआ दिखाई दिया।
इस नजारे को देखकर शुभम खुद बोल पड़े कि भारत की जनरल बोगियों में भी उन्होंने कभी इस स्तर का दृश्य नहीं देखा है। इतना ही नहीं, बोगी में इतनी भारी भीड़ थी कि कई लोगों ने टॉयलेट के पास के रास्ते को भी पूरी तरह से घेर रखा था, जिससे वहां से गुजरना भी मुहाल हो रहा था।
चीनी यात्रियों का ‘देसी जुगाड़’ और सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग
वीडियो में एक और दिलचस्प बात देखने को मिली कि भारतीय यात्रियों की तरह चीनी लोग भी ‘जुगाड़’ लगाने में पीछे नहीं हैं। जिन यात्रियों को बैठने के लिए सीट नहीं मिली, वे अपने साथ प्लास्टिक या कपड़े की फोल्डिंग कुर्सियां लेकर सफर कर रहे थे और गलियारे में अपनी कुर्सी लगाकर आराम से बैठे हुए थे। शुभम के मुताबिक, भारत और चीन के जनरल डिब्बों में सिर्फ दो ही बड़े फर्क हैं—पहला यह कि चीन का यह सस्ता डिब्बा एयर-कंडीशन्ड था, और दूसरा इसके दरवाजे-खिड़कियां पूरी तरह बंद थे।
@thebharatpost_ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड होने के बाद से यह वीडियो आग की तरह फैल रहा है। वीडियो देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स चीन के तथाकथित इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और नागरिकों के सिविक सेंस का मजाक उड़ा रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि चीन बाहर से जैसा दिखता है, अंदर से उसकी सच्चाई कुछ और ही है।
यह भी पढ़ें– Gurugram News: गुरुग्राम की जलमग्न सड़क पर उतरे CARS24 की नाव, पुलिस ने सीज कर ठोका ₹50,000 का चालान
