Gaurav Khanna kkk15: टेलीविजन जगत के मशहूर और चहेते अभिनेता गौरव खन्ना इन दिनों अपनी अदाकारी के बजाए अपने एडवेंचरस अंदाज को लेकर सुर्खियों में हैं। ‘अनुपमा’ फेम गौरव इन दिनों स्टंट बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में खतरनाक स्टंट्स का सामना कर रहे हैं। शो में अपनी दमदार एंट्री से दर्शकों की वाहवाही बटोरने वाले गौरव को एक स्टंट के दौरान भारी नुकसान उठाना पड़ा है। रोहित शेट्टी के इस शो में एक टास्क के दौरान पैलेट गन लगने की वजह से एक्टर की पीठ बुरी तरह छलनी हो गई है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो, कहा- “अब तक का सबसे दर्दनाक अनुभव”
हादसे और चोट की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गौरव खन्ना ने खुद सोशल मीडिया पर अपनी स्थिति साझा की है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वे अपनी टी-शर्ट उतारकर पीठ पर पड़े गहरे जख्मों और निशानों को दिखाते नजर आ रहे हैं।
एक्टर ने इस क्लिप को शेयर करते हुए लिखा कि टीवी पर इस स्टंट को देखते हुए भी उन्हें उस असहनीय दर्द का अहसास हो रहा है। उन्होंने इसे अपनी जिंदगी का सबसे दर्दनाक अनुभव करार दिया। गौरव ने यह भी साफ किया कि इस मुश्किल टॉर्चर वाले स्टंट से सिर्फ वे अकेले नहीं, बल्कि उनके साथ तीन और कंटेस्टेंट्स भी गुजरे हैं और चोट के निशान अब भी उनके शरीर पर मौजूद हैं।
रोहित शेट्टी और बाकी कंटेस्टेंट्स भी रह गए हैरान, इधर शगुन शर्मा ने लगाए आरोप
शो के सेट से सामने आई कुछ झलकियों और वायरल वीडियो में गौरव की पीठ की हालत देखकर होस्ट रोहित शेट्टी समेत बाकी कंटेस्टेंट्स के चेहरे पर भी चिंता और हैरानी साफ देखी जा सकती है।
दूसरी ओर, रियलिटी शो के बीच गौरव खन्ना एक विवाद में भी घिरते दिख रहे हैं। ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ की ही कंटेस्टेंट शगुन शर्मा ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू के दौरान गौरव पर तीखा हमला बोला है। शगुन का आरोप है कि शो के दौरान गौरव ने उन्हें काफी परेशान किया। हालांकि, शगुन शर्मा के इन आरोपों पर फिलहाल गौरव खन्ना की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या बयान सामने नहीं आया है।
यह भी पढ़ें– जन्मदिन पर विक्की जैन का बड़ा तोहफा, अंकिता लोखंडे संग लॉन्च किया VJ Frames बैनर

