Gurugram Accident: साइबर सिटी गुरुग्राम के सबसे वीआईपी और व्यस्त माने जाने वाले गोल्फ कोर्स रोड पर देर रात रफ्तार का जानलेवा तांडव देखने को मिला।
रैपिड मेट्रो लाइन के नीचे आधी रात को करीब 1:20 बजे एक तेज रफ्तार लग्जरी एसयूवी (SUV) ने लेन बदलने की होड़ में आगे चल रही दो टैक्सियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि एक टैक्सी बीच सड़क पर ही पलट गई, जबकि दूसरी गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसा होते ही सभी गाड़ियों के एयरबैग खुल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी की जान नहीं गई।
डैशकैम में कैद हुई 120 की स्पीड और बेकाबू ओवरटेकिंग
यह पूरी सनसनीखेज वारदात पीछे चल रही एक अन्य कार के डैशकैम में कैद हो गई, जिसका 19 सेकंड का वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि रात के वक्त गोल्फ कोर्स रोड पर गाड़ियां सामान्य रफ्तार से अपनी-अपनी लेन में चल रही थीं। तभी पीछे से करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की खौफनाक स्पीड से एक काले रंग की लग्जरी एसयूवी आती दिखती है।
एसयूवी चालक लगातार लेन बदलते हुए बेहद खतरनाक तरीके से ओवरटेक करने की कोशिश करता है और इसी आपाधापी में गाड़ी से नियंत्रण खो बैठता है। अनियंत्रित होते ही एसयूवी आगे चल रही दोनों टैक्सियों पर काल बनकर टूट पड़ती है।
पलटी टैक्सी में फंसा ड्राइवर, राहगीरों ने बचाई जान
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। जोरदार भिड़ंत के कारण एक टैक्सी सड़क पर पलट गई और उसका ड्राइवर उसी के अंदर बुरी तरह फंस गया। गनीमत यह रही कि गश्त कर रहे सुरक्षाकर्मियों और पास से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत तत्परता दिखाई। राहगीरों ने भारी मशक्कत के बाद टैक्सी में फंसे लहूलुहान ड्राइवर को बाहर निकाला और आनन-फानन में पास के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में घायल ड्राइवर का इलाज जारी है, हालांकि गनीमत रही कि घटना में किसी की जान नहीं गई।
पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज, वीडियो की तारीख की हो रही जांच
मामले की जानकारी देते हुए डीएलएफ फेज-2 थाने के एसएचओ कृष्णकांत ने बताया कि घटना को लेकर अभी तक किसी भी टैक्सी चालक या पीड़ित पक्ष की तरफ से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए गोल्फ कोर्स रोड पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल डैशकैम फुटेज की प्रामाणिकता और सही तारीख की पुष्टि की जा रही है। आसपास के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग के जरिए आरोपी एसयूवी कार के नंबर और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास जारी है, ताकि सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

