Haryana Cabinet Meeting: हरियाणा सिविल सचिवालय की चौथी मंजिल पर आज सुबह 11 बजे हलचल तेज रहने वाली है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में सरकार के तमाम वरिष्ठ मंत्रियों के साथ प्रशासनिक महकमे के आला अधिकारी मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि विधानसभा के आगामी रुख और प्रदेश के विकास से जुड़े कई अहम एजेंडों को आज की टेबल पर मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
गुजरात से मिले 50 हजार करोड़ के निवेश पर फैसले की तैयारी
कैबिनेट की इस बैठक में सबसे बड़ा फोकस मुख्यमंत्री के हालिया गुजरात दौरे के नतीजों पर रहने वाला है। राज्य सरकार को इस दौरे के दौरान 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक के भारी-भरकम निवेश प्रस्ताव हासिल हुए हैं। इन प्रस्तावों को धरातल पर उतारने और उद्योगपतियों को राहत देने वाली नीतियों पर आज मोहर लग सकती है। इस निवेश से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर बनने का रास्ता साफ होगा।
रक्षा, सेमीकंडक्टर और एग्रो सेक्टर में बदल सकती है हरियाणा की तस्वीर
निवेश के आंकड़ों पर नजर डालें तो डिफेंस, रियल एस्टेट और ऑयल-गैस क्षेत्र में करीब 25 हजार करोड़ रुपये के प्रस्ताव मिले हैं। इसके अलावा एग्रीकल्चर और फूड प्रोसेसिंग में 1,400 करोड़ तथा सेमीकंडक्टर निर्माण के लिए 2,900 करोड़ रुपये का खाका तैयार किया गया है। यात्रा के शुरुआती दिन ही 12 हजार करोड़ रुपये के एमओयू पर दस्तखत हो चुके थे, जिन्हें अब रफ्तार देने की योजना है।
5 नवंबर का ‘सुपर ट्यूसडे’: अमित शाह का दौरा और रोडवेज हड़ताल की दोहरी चुनौती
कैबिनेट में विकास कार्यों के अलावा सियासी और प्रशासनिक चुनौतियों पर भी गहन मंथन होगा। 5 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हरियाणा दौरा प्रस्तावित है, जहां वे करनाल में भाजपा की पदयात्रा और अंबाला के कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। लेकिन इसी दिन रोडवेज कर्मचारियों ने दो दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल का ऐलान कर सरकार के पसीने छुड़ा दिए हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी और परिवहन मंत्री अनिल विज खुद अमित शाह के दौरे की व्यवस्थाएं संभालने के साथ-साथ बस पहिया जाम से निपटने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें–Sirsa Roadways Strike: सिरसा में रोडवेज बसों का चक्का जाम, 100 से ज्यादा बसें ठप

