Karnal News: हरियाणा के करनाल जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। शास्त्री नगर निवासी 9वीं कक्षा के छात्र प्रिंस (15) ने घर में हुई मामूली डांट-डपट के बाद पश्चिमी यमुना नहर में छलांग लगा दी। परिजनों के मुताबिक, बड़े भाई ने उसे पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए कहा था, जिससे आहत होकर वह गुस्से में घर से बाहर निकल आया। पीछे-पीछे भागा बड़ा भाई जब तक उसे समझाकर वापस लाता, प्रिंस उसके हाथों से छूटकर सीधा नहर में जा गिरा।
भाई ने ग्रिल पर पकड़ा, पर छटपटाकर पानी में लांघ गया प्रिंस
शास्त्री नगर की तरफ से नहर तक आने वाले कच्चे रास्ते से प्रिंस तेजी से आगे बढ़ रहा था। अनहोनी की आशंका में उसका 30 वर्षीय बड़ा भाई सोनू भी पीछे दौड़ा। नहर की सुरक्षा ग्रिल के पास सोनू ने प्रिंस को पकड़ भी लिया था और उसे रोकने की कोशिश की। लेकिन गुस्से में बेकाबू प्रिंस ने भाई से खींचातानी की और खुद को छुड़ाकर पलक झपकते ही नहर के तेज बहाव में छलांग लगा दी। इस अचानक घटी घटना से पूरा परिवार बदहवास है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस बोली- सभी पहलुओं की होगी जांच
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का कहना है कि घर में अमूमन बच्चों को पढ़ाई के लिए कहा ही जाता है, कोई ऐसी बड़ी परेशानी नहीं थी कि प्रिंस इतना आत्मघाती कदम उठा ले। मौके पर पहुंचे रामनगर थाना एसएचओ दीपचंद ने बताया कि बड़े भाई सोनू से पूछताछ की गई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि कहासुनी केवल पढ़ाई को लेकर थी या इसके पीछे कोई और वजह भी है।
अंधेरा गहराने से रुका था रेस्क्यू, सुबह फिर शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 (ERV), रामनगर थाना पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। गोताखोर कर्ण ने बताया कि सूचना मिलते ही उन्होंने नहर में उतरकर तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन घने अंधेरे और पानी के तेज बहाव के कारण देर रात अभियान रोकना पड़ा। मंगलवार सुबह होते ही गोताखोरों और पुलिस की संयुक्त टीम ने पश्चिमी यमुना नहर में छात्र प्रिंस की तलाश के लिए दोबारा व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें– Nuh News: आईफोन की जिद में हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, नूंह में मचा हड़कंप


