Tai Savitri Viral Video: अगर आपके घर में भी अक्सर “लोग क्या कहेंगे” का ताना देकर फैसले बदले जाते हैं, तो 65 साल की सविंदर हुड्डा का नया वीडियो आपके लिए ही है। इंस्टाग्राम पर ‘ताई सावित्री’ के नाम से मशहूर सविंदर हुड्डा ने अपने ठेठ हरियाणवी और लट्ठमार अंदाज में उन अभिभावकों पर सीधा निशाना साधा है जो समाज और रिश्तेदारों की परवाह में अपने बच्चों की खुशियों की बलि चढ़ा देते हैं। इंटरनेट पर वायरल हो रहे इस वीडियो को देखकर लोग कह रहे हैं कि ताई ने समाज का सबसे बड़ा कड़वा सच बयां कर दिया है।
‘बुढ़ापे में सेवा भी इसी समाज से करवा लेना’— ताई ने दिखाई मां-बाप को सच्चाई
वायरल हो रही क्लिप में ताई सावित्री बिना किसी लाग-लपेट के कहती हैं कि जिन मां-बाप को अपने बच्चों से ज्यादा इस बात की चिंता सताती है कि दुनिया क्या कहेगी, उन्हें बुढ़ापे में सेवा की उम्मीद भी उसी समाज से रखनी चाहिए। ताई ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जिस समाज को खुश करने के चक्कर में हम अपनी औलाद के पंख काट देते हैं, वह समाज किसी की मुसीबत या बीमारी के वक्त एक रुपया देने भी नहीं आता। चार लोग सिर्फ बातें बनाने और ताने कसने आते हैं, सहारा बनने नहीं।
‘मौत पर ताना मारने सबसे पहले पहुंचेंगे लोग’
ताई सावित्री यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने आगे कहा कि जब आप बीमार पड़ोगे तो यही ‘चार लोग’ इलाज का खर्चा उठाने नहीं आएंगे। लेकिन अगर बुढ़ापे में बच्चे किसी वजह से दूर रह रहे हों, तो यही लोग सबसे पहले ताना मारने आ जाएंगे कि देखो, कैसे बच्चे पैदा किए हैं जो बुढ़ापे में संभाल भी नहीं रहे। ताई ने दो टूक शब्दों में कहा कि यह समाज न कभी किसी का सगा था और न कभी हो सकता है। इसलिए बच्चों का हौसला बनिए, समाज का तुष्टीकरण बंद कीजिए।
कौन हैं 65 साल की ‘Gen Z’ ताई सावित्री?
अपने इंस्टाग्राम हैंडल (@tai_savitri) के जरिए लाखों युवाओं के दिलों पर राज करने वाली सविंदर हुड्डा हरियाणा की रहने वाली हैं। 65 साल की उम्र में भी उनकी सोच इतनी आधुनिक और व्यावहारिक है कि लोग उन्हें प्यार से ‘Gen Z दादी’ कहते हैं। वह अपने कंटेंट के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर और शेरनी की तरह जीने की सलाह देती हैं। उनके इस नए वीडियो पर यूजर्स कमेंट कर रहे हैं कि “काश यह वीडियो हमारे मां-बाप के फोन पर भी खुद-ब-खुद प्ले हो जाता!”
यह भी पढ़ें–China Viral News: रिश्तेदारों की कमी पड़ी तो इंटरनेट पर दिया कार्ड, रातों-रात चमकी गरीब दूल्हे की किस्मत


