Narnaul News: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को नारनौल में शराब कारोबारी अंकुश गोयल के विभिन्न ठिकानों पर अचानक छापेमारी की। यह कार्रवाई दिसंबर 2025 में गुरुग्राम में सामने आए लगभग 10 करोड़ रुपये के बहुचर्चित अवैध विदेशी शराब घोटाले के सिलसिले में की जा रही है। इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के कारोबारी हलकों में हड़कंप मच गया है।
दिसंबर 2025 में गुरुग्राम पुलिस ने सिग्नेचर टावर के पास स्थित ‘द ठेका’ नामक शराब की दुकान पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 3,921 पेटियां और 176 खुली बोतलें अवैध विदेशी शराब की बरामद की थीं।
जांच के दौरान चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि इन बोतलों पर सरकार द्वारा अनिवार्य होलोग्राम और ट्रैक-ट्रेस स्ट्रिप्स नहीं थीं। इस भारी मात्रा में पकड़ी गई अवैध शराब की अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी गई थी।
उक्त मामले में नारनौल के गुरु नानक मोहल्ला निवासी अंकुश गोयल का नाम शराब दुकान के सह-मालिक के रूप में सामने आया था, जिसकी उस दुकान में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी बताई गई थी। घटना के बाद गुरुग्राम पुलिस ने उसे राजस्थान के झुंझुनूं से गिरफ्तार किया था।
इस मामले में कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी और आबकारी विभाग के एक अधिकारी को भी निलंबित किया गया था। इसके बाद जनवरी 2026 में गुरुग्राम की अदालत ने आरोपी अंकुश गोयल की जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
अब नारनौल में ईडी की इस दबिश के बाद मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय अनियमितताओं की गहरी जांच होने की उम्मीद है, हालांकि विभाग की तरफ से आधिकारिक विस्तृत ब्योरे का इंतजार किया जा रहा है।
यह भी देखें – देश सेवा में समर्पित BSF उपनिरीक्षक विनोद कुमार का आकस्मिक निधन, सेवानिवृत्ति के थे केवल दो महीने, गांव में शोक की लहर


