Haryana Crime News: हरियाणवी सिंगर पर गोलियां चलाने वाला शूटर एनकाउंटर में घायल, सोनीपत अस्पताल में भर्ती
हरियाणवी सिंगर पर गोलियां चलाने वाला शूटर एनकाउंटर में घायल, सोनीपत अस्पताल में भर्ती
Haryana Crime News: प्रसिद्ध हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया की रेंज रोवर गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है।
शनिवार की देर रात सोनीपत एसटीएफ (STF) और दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने एक सीक्रेट इनपुट के आधार पर घेराबंदी कर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खतरनाक शार्प शूटर रोहित उर्फ बुढ़ा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर गोलियां चलाकर भागने की नाकाम कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लग गई।
बारोटा-छतहेरा मार्ग पर हुई आमने-सामने की मुठभेड़
मुठभेड़ का यह पूरा ड्रामा बारोटा-छतहेरा रोड के पास हुआ। गुप्त सूचना के आधार पर जब एसटीएफ और क्राइम ब्रांच की गाड़ियों ने संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, तो उसने रुकने की बजाय रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं।
दोनों तरफ से हुई कई राउंड फायरिंग में दो गोलियां रोहित के पैरों में जा लगीं, जिससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे दबोच लिया और लहूलुहान हालत में इलाज के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया।
लाडपुर का रहने वाला है शातिर रोहित, दर्ज हैं आधा दर्जन से अधिक संगीन मुकदमे
पुलिस जांच में पता चला है कि घायल बदमाश की पहचान सोनीपत जिले के राई ब्लॉक अंतर्गत आने वाले लाडपुर गांव के निवासी रोहित उर्फ बुढ़ा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक रोहित लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय शार्प शूटर है और इलाके में रंगदारी व दहशत फैलाने के काम में जुटा हुआ था। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूटपाट, आर्म्स एक्ट और रंगदारी मांगने जैसे आधा दर्जन से ज्यादा संगीन आपराधिक मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।
हथियार और बाइक बरामद, खंगाली जा रही गैंग की कुंडली
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी विपिन अहलावत ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और एक बैग बरामद किया गया है। एसीपी ने साफ किया कि पुलिस अब आरोपी की पूरी क्राइम कुंडली खंगाल रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि दिलेर खरकिया की गाड़ी पर हमले के पीछे मुख्य साजिशकर्ता कौन था और इस वारदात में गैंग के कौन-कौन से अन्य गुर्गे शामिल थे। फिलहाल अस्पताल में आरोपी की हालत स्थिर बताई जा रही है और छुट्टी मिलते ही पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
