Haryana News: त्योहारों के इस सीजन में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के गरीब, बुजुर्ग, महिलाओं, कर्मचारियों और स्थानीय निकायों के लिए सरकारी खजाने का मुंह पूरी तरह खोल दिया है। धनतेरस के शुभ अवसर पर चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 52 लाख से अधिक परिवारों और लाभार्थियों को आर्थिक संबल देते हुए 4,470 करोड़ 77 लाख रुपये की विशाल राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की। इस मेगा ट्रांसफर के जरिए सरकार ने गांवों से लेकर शहरों तक विकास कार्यों को रफ्तार देने के साथ-साथ आमजन की जेब को भी मजबूत किया है।
10.59 लाख लाडो के खातों में पहुंची 13वीं किस्त, 35 लाख से अधिक पेंशनर्स को मिला सम्मान भत्ता
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी’ योजना की 13वीं किस्त का बटन दबाकर 10 लाख 59 हजार लाभार्थी बहन-बेटियों के खातों में 222 करोड़ 52 लाख रुपये भेजे। योजना का दायरा आय सीमा 1.80 लाख रुपये तक बढ़ाए जाने के बाद इसमें 49 हजार से अधिक नई पात्र महिलाएं भी जुड़ीं। वहीं, 15 विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 35 लाख 26 हजार से ज्यादा बुजुर्गों, दिव्यांगों व आश्रितों को 1,135.21 करोड़ रुपये का पेंशन भत्ता जारी किया गया। इसके अलावा, ‘हर घर-हर गृहिणी’ योजना के तहत 6.05 लाख महिलाओं को 24.25 करोड़ रुपये की गैस सिलेंडर सब्सिडी और दयालु योजना के तहत 5,429 पीड़ित परिवारों को 202.99 करोड़ रुपये की मदद दी गई।
गांवों और शहरों के विकास के लिए खोला खजाना, 2.78 लाख कर्मचारियों व पेंशनर्स को भी राहत
प्रदेश में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने पंचायतों और नगरपालिकाओं पर भी धनवर्षा की। राज्य वित्त आयोग के अनुदान के रूप में 22 जिला परिषदों, 143 पंचायत समितियों और 6,230 ग्राम पंचायतों को 1,158 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई, जबकि शहरी निकायों व नगरपालिकाओं को विकास कार्यों के लिए 1,727.80 करोड़ रुपये जारी किए गए। इसके साथ ही प्रदेश के 2.78 लाख कर्मचारियों और 2.60 लाख पेंशनर्स को महंगाई भत्ते में 3 फीसदी बढ़ोतरी का तोहफा भी दिया गया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी और मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी समेत तमाम उच्चाधिकारी मौजूद रहे।


