Indonesia Thieves Viral Video: कहते हैं कि जब कानून की सुस्ती से जनता का सब्र टूटता है, तो लोग इंसाफ का अपना ही तरीका इजाद कर लेते हैं। इंडोनेशिया से एक ऐसा ही अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां चोरों से परेशान आ चुके स्थानीय नागरिकों ने कानून हाथ में तो लिया, लेकिन बिना किसी खून-खराबे या हिंसा के।
यहां एक रिहायशी इलाके में चोरी करने घुसे चार चोरों को पड़ोसियों ने न सिर्फ पकड़ा, बल्कि उन्हें डक्ट टेप से सिर से लेकर पैर तक इस कदर बांध दिया कि वे किसी अजायबघर की ‘ममी’ जैसे नजर आने लगे। सोशल मीडिया पर इस अनोखी सजा का वीडियो आते ही वायरल हो गया है और दुनिया भर के लोग इस पर चटखारे ले रहे हैं।
जाल बिछाकर बैठे थे पड़ोसी, हाथ साफ करते ही दबोचे गए चार ‘सूरमा’
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस इलाके में पिछले कुछ समय से लगातार चोरियां हो रही थीं, जिससे पुलिसिया कार्रवाई से निराश हो चुके मकान मालिक और पड़ोसियों ने खुद मोर्चा संभालने का फैसला किया। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात जब चार चोर एक दुकान का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुए, तो उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि पूरा मोहल्ला जाग रहा है। जैसे ही चोरों ने कीमती सामान समेटना शुरू किया, रात के अंधेरे में घेराबंदी कर बैठे स्थानीय लोगों ने उन्हें चारों तरफ से घेरकर रंगे हाथों दबोच लिया।
‘टिंकी विंकी’ जैसे दिखने लगे चोर, हिलना-डुलना भी हुआ मुहाल
आमतौर पर ऐसे मामलों में चोरों के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन इंडोनेशिया के इस जागरूक मोहल्ले ने क्रूरता की जगह रचनात्मकता का रास्ता चुना। चोरों की कलाई और पैर बांधने के बजाय, लोगों ने बाजार से चमकीले नारंगी रंग के डक्ट टेप मंगाए। इसके बाद चारों चोरों को खड़ा करके सिर से लेकर पैर तक टेप की कई परतें चढ़ा दी गईं।
हालत यह हो गई कि उनका उंगली हिलाना भी बंद हो गया। हद तो तब हो गई जब टेप लपेटने के दौरान उनके सिर पर नकली कान जैसी आकृतियां बना दी गईं। वीडियो को देख सोशल मीडिया पर लोग मजाकिया लहजे में कह रहे हैं कि मकान मालिक ने चोरों को ‘टिंकी विंकी’ (प्रसिद्ध कार्टून कैरेक्टर) के इंसानी अवतार में तब्दील कर दिया है।
अहिंसक तरीका या मानवाधिकार का उल्लंघन? नेटिजन्स में ठनी
इस ‘ममी लुक’ वाले वीडियो के वायरल होने के बाद डिजिटल दुनिया दो फाड़ हो चुकी है। इंटरनेट पर एक बड़ा वर्ग इस तरीके की खुलकर तारीफ कर रहा है। यूजर्स का कहना है कि यह चोरों को सबक सिखाने का सबसे सुरक्षित और सभ्य तरीका है, जिसमें बिना किसी लाठी-डंडे के अपराधियों को पूरी तरह बेअसर कर दिया गया।
वहीं, मानवाधिकार और कानून की दुहाई देने वाले दूसरे पक्ष का मानना है कि भले ही उन्होंने अपराध किया हो, लेकिन किसी भी व्यक्ति को इस तरह सरेआम बांधकर जलील करने का हक जनता को नहीं है। बहरहाल, बहस चाहे जो भी हो, इंडोनेशिया के इन ‘ममी चोरों’ ने इंटरनेट का पारा जरूर बढ़ा दिया है।
यह भी पढ़ें– China Rooftop Rain System: चीन का नया करिश्मा, बादलों से नहीं अब इमारतों की छतों से हो रही है झमाझम बारिश

