Jind News: हरियाणा के जींद जिले में कानून और अदालती आदेशों को दरकिनार कर मनमानी करने वाले भ्रष्ट तंत्र पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने रजाना खुर्द गांव की जमीन के इंतकाल में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद तत्कालीन नायब तहसीलदार, कानूनगो और हल्का पटवारी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और भ्रष्टाचार से जुड़ी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इस कार्रवाई से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
यह पूरा मामला तब खुला जब ग्रीवेंस कमेटी की एक बैठक में पीड़ित पक्ष ने अपनी फरियाद रखी। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम की अध्यक्षता में 25 सितंबर को हुई इस मीटिंग में अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठे थे। मंत्री के तीखे सवालों के आगे राजस्व विभाग के अधिकारी न तो कोई जवाब दे पाए और न ही अपने बचाव में कोई दलील पेश कर सके। बैठक में अधिकारियों ने अपनी गलती भी स्वीकार कर ली थी, जिसके बाद मामले की जांच इकोनॉमिक सेल को सौंपी गई थी।
जानिए क्या है पूरा जमीन विवाद और इंतकाल का खेल
गांव रजाना खुर्द के रहने वाले लाभ सिंह ने ग्रीवेंस कमेटी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके परिवार की 33 एकड़ जमीन (जिसमें तीन भाई बादल सिंह, कर्ण सिंह और दलबीर हिस्सेदार हैं) को लेकर विवाद चल रहा है। जमीन का यह मामला पहले से ही एसडीएम सफीदों और हिसार कमिश्नर की अदालत में लंबित है। अदालत ने साफ तौर पर इंतकाल दर्ज करने पर रोक (स्टे ऑर्डर) लगा रखी है।
इसके बावजूद, नियमों को ठेंगा दिखाते हुए 9 जुलाई को जींद-सफीदों मार्ग से लगती तीन एकड़ बेशकीमती (प्राइम लैंड) जमीन का इंतकाल चुपचाप बादल सिंह के नाम पर दर्ज कर दिया गया। इतना ही नहीं, पटवारी ने इसकी एंट्री ऑनलाइन रिकॉर्ड में भी करवा दी। मूल खेवट नंबर 285 को बदलकर नई खेवट 319 और 320 बना दी गईं, जिसमें से 319 नंबर खेवट ताऊ बादल सिंह के नाम कर दी गई।
‘तीनों आरोपियों को किया जाए सस्पेंड’, बोले शिकायतकर्ता लाभ सिंह
पुलिस द्वारा केस दर्ज किए जाने के बाद शिकायतकर्ता लाभ सिंह ने इस कदम का स्वागत किया है। उनका कहना है कि इस पूरे खेल में बड़े स्तर पर मिलीभगत की गई है। उन्होंने मांग की है कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए तत्कालीन नायब तहसीलदार रणबीर, कानूनगो सुरेश और पटवारी रविदत्त को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड किया जाना चाहिए, ताकि वे अपने पद का दुरुपयोग कर जांच को प्रभावित न कर सकें। फिलहाल पिल्लूखेड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया तेज कर दी है।
यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: गुरुग्राम में रात का पारा लुढ़ककर 14.6 डिग्री पहुंचा, जानें 28-29 अक्टूबर का हाल

