Kaithal Drug Arrest News: कैथल जिले में नशे की अवैध खरीद-फरोख्त पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने चौतरफा मोर्चा खोल दिया है। पुलिस की अलग-अलग विंगों ने गुप्त सूचनाओं के आधार पर जिले के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर चार नशा तस्करों को धर दबोचा। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन (चिट्टा) और चूरापोस्त की खेप बरामद की है। पकड़े गए आरोपी दूसरे राज्यों और इलाकों से नशा लाकर स्थानीय युवाओं को बेचने की फिराक में थे।
एंटी एक्सटॉर्शन सेल और डिटेक्टिव यूनिट को मिली बड़ी सफलता
मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी रमेश चंद्र ने बताया कि पहली बड़ी कार्रवाई एंटी एक्सटॉर्शन सेल की टीम ने की। टीम ने गांव माघो माजरी के श्मशान घाट के पास दबिश देकर सिरटा रोड कैथल निवासी गोविंदा उर्फ काला को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 100.56 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। वहीं, दूसरी कार्रवाई में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने पाई-सिसमौर रोड से गांव पाई निवासी सागर को 14 ग्राम हेरोइन के साथ दबोच लिया।
राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में ली गई तलाशी
तीसरे मामले में सीआईए गुहला की टीम ने खरौदी रोड पर जाल बिछाकर चीका के बलबेड़ा रोड निवासी बादल को काबू किया। आबकारी एवं कराधान अधिकारी (AETO) जतिन कुमार को मौके पर बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट बुलाया गया, जिनकी मौजूदगी में ली गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 10.52 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
चूरापोस्त के साथ चौथा तस्कर चढ़ा पुलिस के हत्थे
चौथी सफलता एंटी नारकोटिक सेल को मिली। गुप्त इनपुट के आधार पर टीम ने सेक्टर-18 कैथल कट के पास नाकाबंदी कर प्यौदा गांव निवासी अनिल कुमार उर्फ बोबी (हाल निवासी सीवन) को पकड़ा। एईटीओ जतिन कुमार की उपस्थिति में जब आरोपी के सामान की जांच की गई, तो उसके बैग से 1 किलो 210 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी पुलिस
डीएसपी रमेश चंद्र ने साफ किया कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पकड़े गए चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस अब रिमांड के दौरान इनसे पूछताछ करेगी कि वे यह नशीले पदार्थ कहां से खरीदकर लाए थे और कैथल में किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी।


