Amit Shah Karnal Rally: मुनीश मुंडे, करनाल। हरियाणा के करनाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। करनाल में आयोजित कार्यक्रम और पदयात्रा के दौरान शाह ने कांग्रेस पार्टी के हालिया राजनीतिक रुख और कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। गृह मंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि देश की जनता ने नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री चुनकर विकास की राजनीति पर मुहर लगाई है, लेकिन साल 2024 के चुनावों के बाद से राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लगातार हार के बावजूद नकारात्मक राजनीति पर उतारू है।
“संसद चलाना नहीं, सिर्फ हंगामा करना कांग्रेस की संस्कृति”
राहुल गांधी की कार्यशैली पर तंज कसते हुए गृह मंत्री ने कहा कि संसद लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर है, जहां देश के महत्वपूर्ण मुद्दों और जनहित की नीतियों पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए। लेकिन अफसोस की बात यह है कि राहुल गांधी संसद को चलने नहीं देते और सदन में बेवजह का शोर-शराबा करना उनकी पार्टी की फितरत बन गई है। शाह ने कहा कि जब संसद के भीतर रचनात्मक बहस से भागने का रास्ता नहीं मिलता, तो अब वे सड़क पर भीड़ इकट्ठा करके अराजक माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि सार्वजनिक जीवन में शुचिता और गरिमा का एक पैमाना होता है, जिसे विपक्ष के शीर्ष नेताओं को समझना चाहिए। देश की जनता भली-भांति जानती और समझती है कि जन कल्याणकारी योजनाओं और देश की समस्याओं पर चर्चा संसद के भीतर होनी चाहिए या सड़क पर तमाशा बनाकर।
चौराहे पर चर्चा की खुली चुनौती
भाषण के दौरान गृह मंत्री ने राहुल गांधी को एक तीखी राजनीतिक चुनौती भी दे डाली। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी को संसद के बजाय सड़क पर ही चर्चा करने का शौक है, तो वे हरियाणा में किसी भी शहर या चौराहे का वक्त और स्थान तय कर लें। उनके साथ बहस के लिए भारतीय जनता पार्टी का कोई वरिष्ठ केंद्रीय नेता नहीं, बल्कि भाजपा युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष ही पूरी तरह तैयार मिलेगा। शाह के इस आक्रामक तेवर और खुली चुनौती के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।


