Kaithal News: अपनी जड़ों से जुड़ाव और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव इंसान को दूर रहकर भी अपनों के करीब रखता है। कुछ ऐसी ही मिसाल पेश की है ढांड क्षेत्र के गांव पबनावा के मूल निवासी और वर्तमान में ऑस्ट्रिया में रह रहे प्रवासी भारतीय (NRI) चौधरी नरेश कुमार पबनावा ने। उन्होंने अखिल भारतीय रोड़ महासभा के रोड़ भवनों के सौंदर्यीकरण एवं नवीनीकरण कार्य के लिए 51 हजार रुपये की वित्तीय सहायता देकर समाज सेवा की एक और मिसाल कायम की है।
अखिल भारतीय रोड़ महासभा के डेलीगेट चौधरी विकास टामक पबनावा ने इस पहल की जानकारी देते हुए बताया कि विदेशों में बसे अपने समुदाय के लोगों को संगठित करने और उन्हें सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी मुहिम के सुखद परिणाम स्वरूप ऑस्ट्रिया से नरेश कुमार पबनावा ने पहल करते हुए यह सहयोग राशि भेजी है।
पहले भी समाजहित के कार्यों में अग्रणी रहे हैं नरेश कुमार
विकास टामक ने बताया कि नरेश कुमार पबनावा का अपनी मातृभूमि और समाज के प्रति लगाव कोई नया नहीं है। वे इससे पहले भी क्षेत्र में निर्धन व होनहार बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में आर्थिक मदद, स्थानीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए स्पोर्ट्स किट का वितरण, बच्चों के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह व विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन तथा असहाय परिवारों की मदद में बढ़-चढ़कर योगदान देते रहे हैं।
सात समंदर पार रहने के बावजूद अपने गांव, संस्कृति और समाज के प्रति उनके इस निरंतर जुड़ाव की पूरे क्षेत्र में खुले दिल से सराहना हो रही है। समाज के प्रबुद्ध जनों का कहना है कि नरेश कुमार का यह प्रयास विदेश में रह रहे अन्य युवाओं के लिए भी अपने गांव और समाज के उत्थान में योगदान देने के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।

