Kaithal Chandlana Road Accident: हरियाणा के कैथल जिले में रफ्तार के कहर ने एक बार फिर हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। ढांड-चंदलाना मार्ग पर एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार 26 वर्षीय बिजली निगम कर्मचारी संजीव कुमार की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर बैठा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। इस असमय हादसे से जहां मृतक के गांव संगरौली में सन्नाटा पसरा है, वहीं बिजली विभाग के कर्मचारियों में भी गहरा शोक है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, संगरौली निवासी संजीव कुमार बिजली निगम के पूंडरी सब-डिविजन नंबर-1 कार्यालय में असिस्टेंट लाइनमैन (ALM) के पद पर कार्यरत थे। बीती रात वे अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर ढांड से अपने गांव संगरौली की तरफ लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक चंदलाना गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में सीधी और जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि संजीव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
24 घंटे ड्यूटी पर रहने वाला संजीव था परिवार का इकलौता सहारा
पूंडरी बिजली निगम कार्यालय के जेई (JE) नरेश कुमार ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए बताया कि 26 वर्षीय संजीव बेहद कर्मठ और समर्पित कर्मचारी थे। एएलएम के पद पर तैनात होने के कारण वे 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहते थे और किसी भी समय फॉल्ट ठीक करने या आपात स्थिति में काम के लिए उन्हें बुलाया जाता था।
संजीव के जाने से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वे 5 बहनों के इकलौते भाई थे और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। संजीव की शादी हो चुकी थी और उनकी एक मासूम बेटी भी है। इकलौते बेटे और परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य की इस तरह अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने अज्ञात चालक पर दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही ढांड थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भिजवाने के साथ ही संजीव के शव को कब्जे में लिया। ढांड थाना के जांच अधिकारी बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने नागरिक अस्पताल कैथल में पोस्टमॉर्टम की कागजी कार्रवाई पूरी करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब चंदलाना और आसपास के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
यह भी पढ़ें– अंबाला छावनी में ‘रन फॉर यूनिटी’ की धूम, DC सचिन गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी

