Kaithal ADC Meeting: हरियाणा के कैथल जिले में आने वाले दिनों में छाने वाली धुंध और कोहरे के दौरान सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने अभी से कमर कस ली है। लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) डॉ. सुशील कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए हैं कि ठंड और कोहरा पूरी तरह गहराने से पहले सड़कों से जुड़ी तमाम खामियों को दूर कर लिया जाए।
एडीसी ने बैठक के दौरान कौल रोड, पूंडरी से काकौत, पूंडरी-करनाल रोड, ढांड चौक, लघु सचिवालय से ढांड रोड और मटरवाखेड़ी समेत कई प्रमुख मार्गों की वर्तमान स्थिति की एक-एक कर समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) और जन स्वास्थ्य विभाग को विशेष रूप से हिदायत दी कि पूंडरी शहर में करनाल रोड की बदहाल स्थिति को प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जाए। इसके अलावा चीका रोड पर अर्जुन नगर के पास क्षतिग्रस्त सड़क को दुरुस्त करने के साथ-साथ वहां जलभराव और ओवरफ्लो हो रहे पानी की निकासी का स्थायी समाधान करने के भी निर्देश दिए गए।
पेड़ों की छांटने होंगी टहनियां, सफेद पट्टियों और साइन बोर्ड से चमकेगी सड़कें
सफर को सुरक्षित बनाने के लिए एडीसी ने वन विभाग को निर्देश दिए हैं कि वे सड़कों के किनारे बेतरतीब फैली पेड़ों की टहनियों की तत्काल छंटाई करवाएं। अक्सर ऐसा देखा जाता है कि घनी टहनियों के कारण वाहन चालकों को सड़क के मोड़ और आगे का रास्ता साफ नहीं दिखाई देता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
इसके साथ ही सड़कों पर सुरक्षा के मानक पुख्ता करने के लिए जिन मार्गों पर सफेद पट्टियां नहीं हैं या रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड गायब हैं, उन्हें तुरंत लगाने को कहा गया है। बिजली निगम को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे रास्तों में बाधा बन रहे बिजली के पोलों को शिफ्ट कर अपनी अनुपालन रिपोर्ट सौंपें। एडीसी ने स्पष्ट चेतावली दी है कि इन कार्यों में किसी भी तरह की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले विभाग के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अतिक्रमण और सड़क किनारे खड़े वाहनों पर कसेगा शिकंजा
सड़कों पर लगने वाले जाम और हादसों की एक बड़ी वजह बनने वाले अतिक्रमण पर भी प्रशासन ने शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। एडीसी ने ट्रैफिक पुलिस एसएचओ और नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे शहर के मुख्य मार्गों से अवैध अतिक्रमण हटवाएं।
विशेष तौर पर सड़कों के किनारे लावारिस हालत में या अनाधिकृत रूप से खड़े रहने वाले खराब वाहनों पर कड़ी नजर रखी जाए, क्योंकि धुंध के वक्त ऐसे वाहन बड़े हादसों का सबब बन जाते हैं। बैठक के अंत में आरटीए (RTA) गिरीश कुमार सहित विभिन्न विभागों के तमाम प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें सौंपे गए कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में बारिश थमते ही बढ़ी सुबह-शाम की ठिठुरन, नारनौल में 13 डिग्री पहुंचा न्यूनतम पारा

