Kaithal News: हरियाणा के कैथल जिले में ढांड इलाके के गांव पबनावा के पास देर रात रेलवे ट्रैक पर दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां लगभग 65 वर्ष के एक अज्ञात बुजुर्ग की ट्रेन की चपेट में आने से जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब जयपुर से चंडीगढ़ की तरफ जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस पबनावा गांव के पास से गुजर रही थी। घटना के तुरंत बाद लोको पायलट ने मामले की जानकारी जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) कैथल चौकी को दी।
रात 1 बजे हुआ हादसा, सिर के ऊपर से गुजरा ट्रेन का पहिया
जीआरपी चौकी प्रभारी करण सिंह ने घटना का ब्योरा देते हुए बताया कि रात करीब 12 से 1 बजे के बीच ट्रेन के ड्राइवर का फोन आया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत पबनावा के समीप रेलवे ट्रैक पर पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि बुजुर्ग का शव पटरियों के बीच पड़ा हुआ था। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेन का पहिया बुजुर्ग के सिर के ऊपर से निकल गया था, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
तलाशी में नहीं मिला कोई दस्तावेज, पहचान में जुटी पुलिस
घटनास्थल पर कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मृतक की जेबों और आसपास के इलाके की गहन जांच की, लेकिन उनके पास से ऐसा कोई कागजात, मोबाइल या पहचान पत्र नहीं मिला जिससे उनकी पहचान हो सके। मृतक की उम्र करीब 65 वर्ष के आसपास आंकी जा रही है। जीआरपी की टीम ने रात में ही कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखा शव, इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई
जीआरपी पुलिस ने मामले में फिलहाल इत्तेफाकिया मौत की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नियम के अनुसार शव को 72 घंटे के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह (मोर्चरी) में पहचान के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। आसपास के गांवों और पुलिस स्टेशनों में भी बुजुर्ग का हुलिया भेजकर शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है। अगर तय समय सीमा के भीतर परिजनों का पता चल जाता है तो कानूनी प्रक्रिया के बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा, अन्यथा स्थानीय सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से अंतिम संस्कार कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में मानसून पर लगा ब्रेक, अगले 5 दिन तक बारिश से राहत, जानिए HAU हिसार का ताजा अपडेट

