Kaithal Road Accident: हरियाणा के कैथल में देर रात एक सड़क हादसे ने एक और परिवार की खुशियां छीन लीं। कैथल-पटियाला मुख्य मार्ग पर गांव पोलड़ के पास एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद चालक वाहन समेत अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाता था मृतक अमरजीत
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान गांव फिरोजपुर निवासी 24 वर्षीय अमरजीत के रूप में हुई है। अमरजीत मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। रविवार रात करीब 10 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर कैथल-पटियाला मार्ग से गुजर रहा था। जैसे ही वह गांव पोलड़ के समीप पहुंचा, तभी सामने से आए किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमरजीत सड़क पर दूर जा गिरा और उसे गंभीर चोटें आईं।
राहगीरों ने दी सूचना, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
सड़क किनारे खून से लथपथ पड़े युवक को देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत सीवन थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस की टीम बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंची और अचेत पड़े अमरजीत को तुरंत कैथल के सरकारी नागरिक अस्पताल ले गई। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया और परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई, फरार चालक की तलाश जारी
मामले की जानकारी देते हुए सीवन थाना एसएचओ मुकेश रानी ने बताया कि देर रात पोलड़ गांव के पास हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया। उन्होंने बताया कि सोमवार को परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है, जिसके आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर इलाके के सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी तलाश शुरू की जाएगी।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में करवट लेगा मौसम, 28 और 29 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट, 14 जिलों में हवाओं के साथ बिजली चमकने की चेतावनी

