Karnal Cyber Crime: साइबर ठगों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी करनाल में देखने को मिली है, जहां अपराधियों ने एक बुजुर्ग महिला को मानसिक रूप से इस कदर प्रताड़ित किया कि वे अपनी जमापूंजी गंवा बैठीं। (Digital arrest cyber fraud Karnal) सेक्टर-14 स्थित कोठी में अकेली रहने वाली 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला का बेटा भुवेश चावला दुबई में रहता है। ठगों ने इसी बात का फायदा उठाया और बुजुर्ग को अकेलेपन व डर का शिकार बनाकर ऐसा चक्रव्यूह रचा कि पीड़िता 24 घंटे तक उनके डिजिटल पहरे में कैद रहीं।
टेलीकॉम अधिकारी और फर्जी गिरफ्तारी का जाल
मामले की जांच कर रहे साइबर क्राइम थाना के सहायक उप-निरीक्षक (ASI) सुरिंद्र सिंह ने बताया कि ठगों ने शुरुआत में बुजुर्ग महिला के पास फोन कर खुद को किसी टेलीकॉम कंपनी का कर्मचारी बताया और मोबाइल नंबर के वेरिफिकेशन का झांसा दिया। इसके तुरंत बाद उनके पास वीडियो कॉल आई, जिसमें कॉलर ने डराते हुए कहा कि एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से बुजुर्ग महिला के नाम पर जारी पहचान पत्र (आईडी) बरामद हुई है।
ठगों ने पुलिस और अदालत के भारी-भरकम मुकदमों का ऐसा खौफ पैदा किया कि वे बुजुर्ग को लगातार 24 घंटे तक वीडियो कॉल पर डिजिटल अरेस्ट रखे रहे। डर और दबाव के इस माहौल में महिला ने आरोपियों के बताए अनुसार आरटीजीएस के जरिए अलग-अलग खातों में कुल 23.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब परिजनों को इस ठगी का अहसास हुआ, तो तुरंत पुलिस को शिकायत दी गई, जिसके बाद साइबर सेल हरकत में आई।
30 हजार और कमीशन के लालच में बेचा था बैंक खाता
जांच के दौरान पुलिस की तकनीकी टीम ने जब पैसों के ट्रेल (लेन-देन) को खंगाला, तो एक ऐसा बैंक खाता सामने आया जिसमें ठगी की बड़ी रकम यानी 15.50 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस टीम महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के जामखेड़े गांव जा पहुंची। वहां से लोखेंडे नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी लोखेंडे ने चंद रुपयों के लालच में आकर अपने नाम का बैंक खाता साइबर ठग गिरोह को सौंप दिया था। इसके एवज में उसे तुरंत 30 हजार रुपये नकद दिए गए थे और आगे की ठगी की रकम पर 10 प्रतिशत कमीशन का सौदा तय हुआ था। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अंतरराष्ट्रीय या अंतर-राज्यीय सिंडिकेट के तार और कहां-कहां जुड़े हैं।
यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: गुरुग्राम में रात का पारा लुढ़ककर 14.6 डिग्री पहुंचा, जानें 28-29 अक्टूबर का हाल

