Karnal Murder News: हरियाणा के करनाल जिले में अपराध का ग्राफ एक बार फिर डराने लगा है। शनिवार की रात मुनक रोड पर उस वक्त सनसनी फैल गई जब लोगों ने गांव बड़ौता के पास बिजली घर के नजदीक एक युवक का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। (karnal munak road crime) मृतक की शिनाख्त बृचपुर गांव के रहने वाले 43 वर्षीय विनोद पुत्र राधेश्याम के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अज्ञात बदमाशों ने बेरहमी से चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी है।
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक विनोद करनाल में स्थित सिंगला मोटर पर बतौर ड्राइवर गाड़ी चलाने का काम करता था। रोज की तरह वह शनिवार की रात को भी अपना काम खत्म करके अपनी बाइक पर सवार होकर अपने घर बृचपुर लौट रहा था। लेकिन रास्ते में मुनक रोड पर घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे अपना शिकार बना लिया।
शरीर पर मिले चाकू के गहरे घाव, मोबाइल गायब
मृतक के चचेरे भाई संजय शर्मा ने बताया कि विनोद के शरीर पर धारदार हथियार से 4 से 5 वार किए गए थे। हमलावरों ने उसकी गर्दन, पेट और कमर को निशाना बनाया था, जिससे मौके पर ही उसकी जान चली गई। हैरानी की बात यह है कि वारदात की जगह पर उसकी बाइक तो सुरक्षित खड़ी मिली, लेकिन उसका मोबाइल फोन गायब है। मोबाइल का गायब होना इस बात की ओर इशारा करता है कि हत्यारे या तो सबूत मिटाना चाहते थे या फिर मामला लूटपाट के दौरान विरोध करने का भी हो सकता है।
अविवाहित था विनोद, परिवार में छाया मातम
43 वर्षीय विनोद अविवाहित था और घर पर कमाने वाले मुख्य सदस्यों में से एक था। रात के वक्त हुई इस दुस्साहसिक वारदात की सूचना जैसे ही उसके घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। हर कोई यह सोचने पर मजबूर है कि आखिर एक सीधे-साधे ड्राइवर की किसी से ऐसी क्या दुश्मनी हो सकती है कि उसे मौत के घाट उतार दिया जाए।
पुलिस खंगाल रही सुराग, जल्द खुलासे का दावा
वारदात की सूचना मिलते ही मधुबन थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मु मुआयना किया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और शव को कब्जे में लेकर करनाल के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवा दिया है। (haryana news today)
मधुबन थाना के एसएचओ लखविंद्र सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को रात को ही घटना की सूचना मिल गई थी। रविवार को मृतक का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों का रूट और उनकी पहचान पुख्ता की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को दबोच कर वारदात की असल वजह का खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें– Haryana Weather Update: हरियाणा में बदलेगा मौसम का मिजाज, इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

