Karnal Murder News: करनाल के पॉश इलाके सेक्टर-12 में 4 नवंबर की देर रात खौफनाक वारदात सामने आई, जहां मामूली बहस के बाद एक युवक ने अपने ही दोस्त के सिर पर लकड़ी के डंडे से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लहूलुहान हालत में पीड़ित को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले नागरिक अस्पताल और बाद में कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बातचीत के बहाने पार्क के कोने में ले गया था आरोपी
मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर की रहने वाली और फिलहाल सेक्टर-12 की झुग्गियों में रहने वाली 19 वर्षीय आरती ने पुलिस को दिए बयानों में पूरी घटना बयां की। आरती के अनुसार, उसका भाई राहुल और दुर्गा कॉलोनी निवासी ‘डोन’ आपस में अच्छे दोस्त थे। डोन भी समस्तीपुर का ही रहने वाला है। 4 नवंबर की रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच डोन झुग्गियों में आया और राहुल को बातचीत करने के बहाने पास ही स्थित सेक्टर-12 के पार्क के एक कोने में ले गया।
बहन के सामने सिर पर बरसाता रहा डंडे, बचाने पहुंचे लोगों को दी धमकी
पार्क में ले जाकर दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते डोन आपा खो बैठा और जोर-जोर से चिल्लाते हुए राहुल पर हमलावर हो गया। चीख-पुकार सुनकर जब बहन आरती, पड़ोसी रूपम और कन्हैया मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि डोन लकड़ी के भारी डंडे से राहुल के सिर और चेहरे पर बेरहमी से वार कर रहा था। बीच-बचाव करने की कोशिश करने पर आरोपी ने उन पर भी डंडे से हमले की धमकी दी और कोर्ट एरिया की ओर भाग निकला।
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हमले में राहुल का सिर और चेहरा बुरी तरह कुचल गया था और वह अचेत होकर गिर पड़ा। परिजन तुरंत एंबुलेंस की मदद से उसे नागरिक अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सिविल लाइन पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मुकदमा
अस्पताल से मिली सूचना (रुक्का) पर पहुंचे सिविल लाइन थाना के एसआई राजेश कुमार ने मृतक की बहन आरती के बयान दर्ज किए। बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी डोन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) और 351(2) (जान से मारने की धमकी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


