Karnal Ogand Dera Firing: हरियाणा के करनाल जिले में आपराधिक वारदातों पर नकेल कसते हुए सीआईए-1 पुलिस टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। गांव ओगंद स्थित डेरे पर पुरानी दुश्मनी के चलते गोलियां बरसाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पड़ताल में सामने आया है कि इस वारदात को सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दिया गया था, जिसमें एक आरोपी ने वारदात से ठीक पहले डेरे की गतिविधियों की रेकी की थी और दूसरे ने मौके पर पहुंचकर गेट पर गोलियां दागी थीं।
18 अक्टूबर की रात हुई थी वारदात, निसिंग थाने में दर्ज हुआ था केस
मामले की पृष्ठभूमि के अनुसार, बीती 18 अक्टूबर 2026 की रात दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने अचानक गांव ओगंद स्थित डेरे के मुख्य द्वार को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। गोलीबारी की तेज आवाज से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया था। वारदात के तुरंत बाद डेरा संचालक प्रताप सिंह ने पुलिस को सूचना दी।
प्रताप सिंह की लिखित शिकायत के आधार पर अगले दिन, यानी 19 अक्टूबर को थाना निसिंग में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और शस्त्र अधिनियम (आर्म्स एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
सीआईए-1 ने गुप्त सूचना पर दबोचे आरोपी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच सीआईए-1 को सौंपी गई थी। सीआईए-1 प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह के मार्गदर्शन में सहायक उप निरीक्षक (ASI) राजेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों को खंगालने के साथ-साथ मुखबिरों का जाल बिछाया।
गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीक्षांत उर्फ दीक्षू (निवासी गांव बम्बरेहड़ी, थाना मुनक) और वंश उर्फ गुल्लू (निवासी गांव पुंडरी, थाना घरौंडा, जिला करनाल) के रूप में हुई है।
बाइक और आईफोन बरामद, अदालत ने भेजा जेल
पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। तफ्तीश में स्पष्ट हुआ कि वंश ने पिस्टल से डेरे के गेट पर सीधे फायर किए थे, जबकि दीक्षांत ने पूरी वारदात से पहले डेरे के आसपास घूमकर रेकी की थी ताकि बिना किसी बाधा के हमला किया जा सके।
सीआईए-1 की टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (आरसी सहित) और दीक्षांत के पास से सिम कार्ड लगा एप्पल आईफोन बरामद कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को संबंधित अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें–Panipat Accident: पानीपत जीटी रोड पर तड़के पलटा सेब से भरा ट्रक, हाईवे पर बिखरीं सैकड़ों पेटियां


