Rohtak Accident: हरियाणा के रोहतक जिले में देर रात एक खौफनाक हादसे में तीन जिंदगियां पलक झपकते ही खत्म हो गईं। शिमला-रोहतक मार्ग पर गांव शिमली के पास सड़क किनारे पिकअप गाड़ी का पंक्चर टायर बदल रहे चार युवकों को पीछे से आई एक बेकाबू कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि चारों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी को तुरंत पंडित भगवत दयाल शर्मा पीजीआई रोहतक ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।
टेंट का सामान लेकर लौट रहे थे युवक, रास्ते में आई मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारों युवक देर रात पिकअप गाड़ी में टेंट का सामान लादकर वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी गांव शिमली के पास पहुंची, अचानक पिकअप का एक टायर पंक्चर हो गया। चालकों ने गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा किया और चारों युवक नीचे उतरकर पहिया बदलने लगे। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही एक अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े युवकों को सीधी टक्कर मार दी।
पीजीआई में तीन को घोषित किया मृत, कार चालक पर FIR दर्ज
पीजीआई रोहतक के डॉक्टरों ने जांच के बाद नगेंद्र, भोला और मुकेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, चौथे युवक अंशुल की हालत नाजुक बनी हुई है और वह ट्रॉमा सेंटर में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी राकेश ने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें– Nuh News: आईफोन की जिद में हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, नूंह में मचा हड़कंप


