Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सेक्टर-53 में एक बेहद दुखद और रहस्यमयी मामला सामने आया है। यूनाइटेड किंगडम (UK) के मैनचेस्टर में रहने वाले 35 वर्षीय भारतीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रांजिल पाठक का शव सोमवार रात एक निजी होटल के कमरे में बने जकूजी (बाथटब) से बरामद किया गया। मृतक हाल ही में ब्रिटेन से भारत आए थे। इस अचानक हुई घटना से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है और आगरा स्थित उनके पैतृक घर में मातम छा गया है।
दोस्त को एयरपोर्ट छोड़कर पहुंचे थे होटल, 8 बजे खुला राज
शुरुआती पुलिस जांच में पता चला है कि प्रांजिल पाठक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा की ओल्ड ईदगाह कॉलोनी के रहने वाले थे। वे उत्तराखंड के ऋषिकेश में छुट्टियां बिताने के बाद सोमवार को दिल्ली-एनसीआर लौटे थे। यहां उन्होंने अपने एक दोस्त को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट छोड़ा और रात में रुकने के लिए सेक्टर-53 स्थित ‘ओरसम होटल’ का कमरा नंबर 302 बुक किया।
रात करीब 8 बजे जब होटल स्टाफ को किसी अनहोनी की आशंका हुई, तो मास्टर चाबी से कमरा खोला गया। अंदर जकूजी में प्रांजिल पानी के बीच बेसुध पड़े थे। आनन-फानन में बुलाए गए डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज में कमरा लॉक, नहीं दिखा कोई संदिग्ध
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-53 थाना पुलिस और फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे कमरे को सील कर सबूत जुटाए हैं। जांच अधिकारी के मुताबिक होटल की तीसरी मंजिल पर लगे सीसीटीवी कैमरों और एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स की फुटेज खंगाली गई है। प्रांजिल के अंदर जाने के बाद कोई भी दूसरा व्यक्ति कमरे में जाता नहीं दिखा है और दरवाजा अंदर से पूरी तरह लॉक था।
यूके में होने वाली थी शादी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी वजह
प्रांजिल की असमय मौत ने उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों के अनुसार प्रांजिल का करियर बेहद शानदार चल रहा था और जल्द ही ब्रिटेन में ही उनकी शादी होने वाली थी, जिसकी तैयारियां घर में जोर-शोर से चल रही थीं। जांच अधिकारी अजय ने बताया कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल नहाते वक्त साइलेंट हार्ट अटैक आने, पानी में पैर फिसलने या दम घुटने जैसे सभी संभावित कोणों से मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें– Nuh News: आईफोन की जिद में हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, नूंह में मचा हड़कंप


