Karnal News: सुदूर देश कनाडा से एक बेहद हृदयविदारक खबर सामने आई है, जिसने हरियाणा के करनाल जिले में मातम फैला दिया है। ब्रिटिश कोलंबिया के हाईवे-5 पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में करनाल के रत्तक गांव निवासी 24 वर्षीय जसकीरत सिंह की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब नशे में धुत एक कार चालक ने तेज रफ्तार में गलत दिशा से आकर जसकीरत की कार को सामने से सीधी टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार तीन अन्य पंजाबी युवा भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सरे से एडमंटन जाते समय मेरिट के पास हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जसकीरत सिंह शनिवार तड़के करीब 5 बजे अपने तीन दोस्तों के साथ अपनी सफेद टोयोटा कार से सरे से एडमंटन के लिए रवाना हुआ था। जैसे ही उनकी गाड़ी हाईवे-5 पर मेरिट शहर के करीब पहुंची, तभी सामने से आ रहे काले रंग के टोयोटा टकोमा पिकअप के 22 वर्षीय चालक ने गलत साइड में गाड़ी घुमा दी और सीधे जसकीरत की कार से टकरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। कनाडाई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जो हादसे के वक्त अत्यधिक नशे में था।
घर का इकलौता चिराग था जसकीरत, पिछले हफ्ते ही क्लीयर हुआ था केस
मृतक जसकीरत सिंह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन भी है। उसके पिता करनाल के रत्तक गांव में खेती-बाड़ी करते हैं। परिजनों ने रुंधे गले से बताया कि जसकीरत शरणार्थी स्टेटस पर कनाडा में रह रहा था और अभी पिछले ही हफ्ते इमिग्रेशन एंड रिफ्यूजी बोर्ड (IRB) में उसका केस अप्रूव हुआ था। परिवार में इस बात को लेकर बेहद खुशी थी कि उसे जल्द ही परमानेंट रेजीडेंसी (PR) मिल जाएगी, लेकिन इस अचानक हुए हादसे ने पूरे परिवार के सपनों को चकनाचूर कर दिया।
दो घायलों की हालत नाजुक, मदद के लिए ‘GoFundMe’ पेज शुरू
दुर्घटना में घायल हुए तीन पंजाबी युवाओं में से दो की हालत अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। उन्हें तुरंत एयरलिफ्ट करके केलोना और कैमलूप्स के उन्नत चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक एक युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसके शरीर में आर्टिफिशियल वेस्ट डिस्पोजल बैग लगाना पड़ा है। जसकीरत के पार्थिव शरीर को भारत में उसके गांव रत्तक वापस लाने और घायलों के इलाज में आर्थिक मदद के लिए दोस्तों व परिजनों ने ‘GoFundMe’ क्राउडफंडिंग पेज की शुरुआत की है और समुदाय से सहयोग की अपील की है।
यह भी देखें – हरियाणा में उत्तर-पश्चिमी हवाओं का असर, जानिए किन जिलों में बढ़ी रात की ठंड

