Karnal News: हरियाणा के करनाल शहर में एक बार फिर बदमाशों केौौ हौसले बुलंद नजर आए हैं, जहां रास्ते में घात लगाकर बैठे कुछ युवकों ने चाकुओं से गोदकर एक युवक की निर्मम हत्या कर दी। यह दिल दहला देने वाली घटना उस वक्त हुई जब मृतक अमन अपने दोस्त रमन के साथ न्यू बहादुर चंद कॉलोनी स्थित अपनी मौसी के घर जा रहा था।
हमलावरों ने इतनी चालाकी और बेखौफ अंदाज में वारदात को अंजाम दिया कि उन्होंने सिर्फ अमन को ही अपना निशाना बनाया और उसके साथ चल रहे दोस्त को पूरी तरह सुरक्षित छोड़ दिया। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
बालाजी मंदिर के पास घात लगाकर बैठे थे हमलावर
कुरुक्षेत्र के लाडवा में साइकिल रिपेयरिंग की दुकान चलाने वाले राजकुमार सैनी का बेटा अमन अपने दोस्त रमन के साथ करनाल आया हुआ था। रात के करीब 11 बजे जब दोनों दोस्त न्यू वाल्मीकि बस्ती में बालाजी मंदिर के पास पहुंचे, तो अंधेरे का फायदा उठाकर वहां पहले से घात लगाकर खड़े 4-5 बदमाशों ने उन्हें अचानक घेर लिया।
प्रत्यक्षदर्शी दोस्त रमन के मुताबिक, हमलावरों ने बिना किसी पुरानी बहस या बातचीत के सीधे हथियार निकाल लिए और अमन पर ताबड़तोड़ चाकुओं से वार करने शुरू कर दिए। अपनी जान बचाने के लिए अमन ने वहां से भागने की पूरी कोशिश की, लेकिन बेरहम हमलावरों ने उसका पीछा किया और सड़क पर ही उसे दबोचकर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे सड़क पर चारों तरफ खून फैल गया और अमन बेसुध होकर नीचे गिर पड़ा।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। इस वीभत्स घटना के बाद दहशत में आए दोस्त ने तुरंत पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। रात करीब 11:15 बजे सूचना मिलते ही थाना शहर के एसएचओ रामलाल अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ पड़े अमन को उठाकर तुरंत करनाल के सिविल अस्पताल पहुंचाया।
लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही जब परिजन अस्पताल पहुंचे, तो उनका क्रंदन देख वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। इसके बाद एफएसएल (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से खून के नमूने समेत कई अहम साक्ष्य जुटाए।
पिता के आरोपों पर केस दर्ज, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मृतक के पिता राजकुमार सैनी ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके बेटे अमन पर न्यू बहादुर चंद कॉलोनी निवासी शिवा, कृष गांधी, राधे और 2-3 अन्य युवकों ने मिलकर जानलेवा हमला किया है। पुलिस ने पिता के बयानों के आधार पर हत्या की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखवा दिया गया है, जहां शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा। एसएचओ रामलाल का कहना है कि पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान पुख्ता हो सके। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।
यह भी पढ़ें–Haryana breed bull Gaurav: झज्जर का नंदी गौरव, 1 करोड़ की बोली ठुकराकर किसान ने क्यों कहा- नहीं बेचूंगा?

