Karnal School Girl Molestation: हरियाणा के करनाल शहर में बेटियों की सुरक्षा को तार-तार करने वाली एक घटना सामने आई है। शहर की एक घनी आबादी वाली कॉलोनी में रहने वाली 15 वर्षीय छात्रा पिछले कुछ समय से पड़ोस के ही एक मनचले की हरकतों से बुरी तरह परेशान और सहमी हुई थी। पीड़िता एक निजी स्कूल में 8वीं कक्षा की छात्रा है और छुट्टी के बाद अपनी स्कूल टीचर के पास ही ट्यूशन पढ़ने जाती है।
छात्रा की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पड़ोस में रहने वाला अजय नाम का युवक उनकी बेटी की गतिविधियों पर नजर रखता था। बेटी जब भी स्कूल या ट्यूशन के लिए घर से बाहर निकलती, आरोपी उसका पीछा करता था और रास्ते में अभद्र टिप्पणियां व गंदी बातें करके उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।
घर लौटी मां को रोती मिली सहमी हुई बेटी
पीड़ित परिवार ने शुरुआत में आरोपी को अपनी हरकतों से बाज आने की हिदायत भी दी थी, लेकिन उस पर कोई असर नहीं हुआ। घटना वाले दिन यानी 14 अक्टूबर को पीड़िता की मां रोज की तरह अपने काम पर गई हुई थीं। जब वे शाम को काम से घर वापस लौटीं, तो उनकी 15 साल की बेटी कमरे में अकेली बैठकर फूट-फूटकर रो रही थी।
मां ने जब बेटी को पुचकार कर रोने का कारण पूछा, तो सहमी हुई बच्ची ने आपबीती सुना दी। पीड़िता ने बताया कि उस दिन आरोपी अजय ने फिर से उसका पीछा किया, बीच रास्ते में रोककर बेहद बदतमीजी की और अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया। बेटी के मुंह से मनचले की करतूत सुनकर मां के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत कानूनी कार्रवाई का मन बना लिया।
सदर थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में दर्ज की एफआईआर
बेटी के साथ हुई इस घिनौनी हरकत के बाद मां बिना देर किए अपनी बेटी को साथ लेकर पुलिस थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई।
सदर थाना पुलिस ने महिला की तहरीर को गंभीरता से लेते हुए मामले की प्राथमिक जांच की और आरोपों को सही पाया। जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर (एसआई) मीनू रानी ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर आरोपी अजय के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) कानून की धारा 12 के तहत नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस का दावा- जल्द सलाखों के पीछे होगा आरोपी
एसआई मीनू रानी ने बताया कि नाबालिगों और महिलाओं से जुड़े अपराधों पर पुलिस बेहद संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है और पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा ताकि पीड़ित बच्ची को इंसाफ मिल सके।

