Mahendragarh City News: शनिवार को महेंद्रगढ़ शहर के विकास को गति देते हुए मोहल्ला सैनीपुरा में 48 लाख रुपये की लागत से आधुनिक नाला निर्माण कार्य शुरू किया गया। महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस नाले के निर्माण से क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने और स्थानीय लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि महेंद्रगढ़ शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। शहरवासियों को बेहतर सड़कें, सुचारु जल निकासी व्यवस्था और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोहल्ला सैनीपुरा में नाला निर्माण होने से बरसाती पानी की निकासी में सुधार होगा और स्थानीय निवासियों को काफी सुविधा मिलेगी।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार शहरों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। विकास कार्यों का उद्देश्य केवल निर्माण करवाना नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं का स्थायी समाधान करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों से गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का आह्वान किया, ताकि लोगों को लंबे समय तक इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।
नगर पालिका चैयरमैन रमेश सैनी ने कहा कि मोहल्ला सैनीपुरा में 48 लाख रुपये की लागत से आधुनिक नाले का निर्माण शुरू होना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण विकास कार्य है। नाला बनने से जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा और जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद सीमा सैनी, नगर पार्षद भाजपा देवेंद्र सैनी उर्फ सोनू , हरिराम खन्ना , कमल सैनी ,कैलाश सैनी,रवि सैनी ,होशियार सैनी , डॉ राज, महेंद्रगढ़ मंडल अध्यक्ष संदीप बचीनी,मुकेश खटीक मनोनीत पार्षद सहित अनेक गणमान्य लोग और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

