Kurukshetra Missing News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शाहाबाद में कार्यरत ग्राम सचिव राहुल पिछले करीब 15 दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हैं। 10 अक्टूबर की रात कुरुक्षेत्र रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर सीसीटीवी कैमरे में वे कैथल की तरफ जाने वाली ट्रेन में चढ़ते हुए नजर आए थे, लेकिन उसके बाद से उनका कोई अता-पता नहीं है। लापता होने से पहले उनका मोबाइल शाहाबाद के एक होटल में और उनकी कार रेलवे स्टेशन के बाहर लावारिस हालत में मिली थी। जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) ने परिजनों की शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
होटल में मोबाइल छोड़कर निकले, स्टेशन पर मिली कार
कैथल जिले के तितरम गांव निवासी बलवान सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका 30 वर्षीय बेटा राहुल शाहाबाद में बतौर ग्राम सचिव तैनात है। राहुल 7 अक्टूबर को शाहाबाद के एक होटल में रुका था। 11 अक्टूबर को होटल प्रबंधन ने परिजनों को फोन कर सूचना दी कि राहुल तीन दिनों तक वहां ठहरने के बाद अपना मोबाइल वहीं छोड़कर कार लेकर निकल गया और वापस नहीं लौटा। परिजन 12 अक्टूबर को होटल पहुंचे और मोबाइल लेकर राहुल की तलाश में जुट गए। छानबीन के दौरान राहुल की कार कुरुक्षेत्र रेलवे जंक्शन की पार्किंग के पास सड़क किनारे खड़ी पाई गई।
सीसीटीवी में कैथल जाने वाली ट्रेन में चढ़ते दिखे
कार मिलने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई, जिसके बाद उन्होंने जीआरपी कुरुक्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई। रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पता चला कि राहुल 10 अक्टूबर की रात करीब 9:35 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंचे थे और वहां से कैथल की ओर जाने वाली ट्रेन में सवार हुए थे। ट्रेन में चढ़ने के बाद से वे कहां गायब हो गए या किस स्टेशन पर उतरे, इसका कोई सुराग अब तक नहीं लग पाया है।
पुलिस की जांच जारी, हुलिए के आधार पर तलाश तेज
मामले की जांच कर रहे जीआरपी थाना कुरुक्षेत्र के एएसआई गुरदेव सिंह ने बताया कि परिजनों के बयानों और सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस राहुल का सुराग लगाने के लिए अलग-अलग स्टेशनों और संभावित ठिकानों पर पूछताछ कर रही है। लापता राहुल की उम्र करीब 30 साल, कद 5 फुट 8 इंच, रंग सांवला, चेहरा गोल और शरीर हृष्ट-पुष्ट है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को भी राहुल के संबंध में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत जीआरपी या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें।
यह भी पढ़ें– मौसम विभाग का अलर्ट, हरियाणा में 28 से 31 अक्टूबर तक बारिश और तेज हवाओं के आसार

