Rewari News: जिले के धारूहेड़ा क्षेत्र के कापड़ीवास गांव में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां कुछ समय पहले ही प्रेम विवाह करने वाली 21 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे की छत के पाइप से चुन्नी के सहारे लटका मिला। घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब मृतका का पति सोमवार शाम कंपनी से ड्यूटी खत्म कर अपने कमरे पर लौटा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से उत्तराखंड के पिथौरागढ़ की रहने वाली युवती और उसके पति अंकित कुमार धारूहेड़ा में किराए के कमरे पर रहते थे। अंकित एक निजी कंपनी में काम करता है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों ने लव मैरिज की थी, जिसकी जानकारी कथित तौर पर युवती के मायके वालों को नहीं थी।
सोमवार सुबह अंकित हमेशा की तरह अपनी ड्यूटी पर गया था। शाम करीब 7 बजे जब वह वापस लौटा, तो अंदर का नजारा देख उसके होश उड़ गए। उसकी पत्नी का शव फंदे पर लटक रहा था। उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना प्रभारी सचिन कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ‘सीन ऑफ क्राइम’ की टीम को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कराया और शव को नीचे उतारा।
पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को घटना की सूचना दे दी है। फिलहाल परिजनों के रेवाड़ी पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। परिजनों के आने के बाद ही आगामी कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
यह भी देखें – मेले में स्टंट करना पड़ा भारी, गले से 6 बाइक खींचने की कोशिश में मौत के मुंह से बाहर आया शख्स

