Bhiwani Heroin Supplier Arrested: हरियाणा के भिवानी जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर नकेल कसते हुए सीआईए स्टाफ प्रथम की टीम ने 21 ग्राम हेरोइन बरामदगी के मामले में मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना और ठोस सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिसार की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी से धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी की पहचान हिसार जिले के पीरांवाली निवासी सुरेंद्र पुत्र प्रीतपाल के रूप में हुई है। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है।
सिवानी में 21 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया था पहला आरोपी
इस पूरे मामले का पर्दाफाश तब हुआ जब पुलिस ने सिवानी क्षेत्र में नायक धर्मशाला के पास से हरीश नाम के युवक को 21 ग्राम हेरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। मूल रूप से हिसार के मुल्तानी चौक का रहने वाला हरीश फिलहाल सिवानी में रह रहा था। भिवानी पुलिस ने उसके खिलाफ थाना सिवानी में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पूछताछ में खुला सप्लायर का राज
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने हरीश से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने कबूला कि वह यह हेरोइन हिसार निवासी सुरेंद्र से खरीदकर लाया था। इस अहम जानकारी के मिलते ही सीआईए-1 की टीम हरकत में आई और सप्लायर का सुराग जुटाना शुरू किया। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने हिसार में छापेमारी कर आरोपी सुरेंद्र को दबोच लिया।
सप्लाई नेटवर्क की खंगाल रही कुंडली
पूछताछ के दौरान आरोपी सुरेंद्र ने हरीश को नशे की खेप बेचने की बात कबूल कर ली है। भिवानी पुलिस अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि सुरेंद्र यह हेरोइन कहां से लाता था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन से तस्कर शामिल हैं। सीआईए पुलिस का कहना है कि जिले में नशे की सप्लाई चेन को पूरी तरह तोड़ने के लिए आगे भी कड़े कदम उठाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें– मौसम विभाग का अलर्ट, हरियाणा में 28 से 31 अक्टूबर तक बारिश और तेज हवाओं के आसार

