September 5, 2026

Kurukshetra News: LNJP अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ शातिर बंदी, सुसाइड अटेम्प्ट के बाद था भर्ती

0
Kurukshetra News: LNJP अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ शातिर बंदी, सुसाइड अटेम्प्ट के बाद था भर्ती

LNJP अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ शातिर बंदी

Kurukshetra News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पुलिस महकमे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली बड़ी घटना सामने आई है। जिला मुख्यालय स्थित लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती एक शातिर बंदी शनिवार तड़के ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की आंखों में धूल झोंककर फरार हो गया। अस्पताल परिसर से बाहर भागते हुए आरोपी की पूरी करतूत वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद से ही जिला पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है और आरोपी की तलाश में कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

अस्पताल के कैदी वार्ड से रफूचक्कर हुए बंदी की पहचान बाबैन क्षेत्र के गांव पिंजू खेड़ा निवासी 27 वर्षीय सतेंद्र कुमार के रूप में हुई है। सतेंद्र के खिलाफ कुरुक्षेत्र के सदर थाने में महिला से कान की बाली छीनने (स्नैचिंग) के आरोप में प्राथमिकी संख्या 370 के तहत मामला दर्ज था और वह जिला जेल में बंद था।

जेल में की थी खुदकुशी की कोशिश, अस्पताल लाते ही ढूंढ निकाला भागने का मौका

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कुरुक्षेत्र जिला जेल में बंद रहने के दौरान बीते 4 सितंबर को तड़के करीब 1:26 बजे सतेंद्र ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या करने का प्रयास किया था। जेल प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे तुरंत बचाया और गंभीर हालत को देखते हुए इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया था। अस्पताल में उसकी सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों का कड़ा पहरा तैनात किया गया था।

शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे सतेंद्र ने सुरक्षाकर्मियों से शौचालय जाने की बात कही। शौचालय जाने के बहाने उसने मौके का फायदा उठाया और चकमा देकर अस्पताल परिसर से बाहर निकल भागा। जब तक सुरक्षाकर्मी कुछ समझ पाते, आरोपी ओपीडी और मुख्य परिसर के रास्तों से होते हुए रफूचक्कर हो चुका था।

सीसीटीवी में कैद हुई भागने की तस्वीरें, पुलिस ने साधी चुप्पी

वारदात के तुरंत बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने जब अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें आरोपी बंदी सुबह-सुबह तेजी से अस्पताल के बाहर भागता हुआ साफ नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी सतेंद्र शातिर किस्म का अपराधी है और उस पर पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

फिलहाल इस मामले में कुरुक्षेत्र पुलिस के आला अधिकारी कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। हालांकि, जिला पुलिस ने नाकेबंदी बढ़ा दी है और फरार बंदी को दोबारा सलाखों के पीछे भेजने के लिए क्राइम ब्रांच व स्थानीय पुलिस की विशेष टीमों को छापेमारी में लगा दिया गया है।

यह भी पढ़ें–  फरीदाबाद में हनीट्रैप का भंडाफोड़, अश्लील वीडियो के नाम पर 1 लाख वसूलती महिला गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *