Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में एक होटल के कमरे में प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान पिहोवा निवासी दीपक कुमार (49) के रूप में हुई है। वह होटल के कमरा नंबर 103 में रुके हुए थे, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और बेचैनी होने लगी। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवाया और घटनास्थल पर FSL टीम बुलाकर सैंपल एकत्र करवाए।
पत्नी से कहा था- लंच करने जा रहा हूं
परिवार और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दीपक कुमार 15 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे अपनी पत्नी को होटल में लंच करने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। उन्होंने पत्नी को बताया था कि लौटने में थोड़ी देर हो सकती है। हालांकि, देर रात तक उनके घर नहीं पहुंचने के बीच परिवार को उनकी मौत की सूचना मिली।
बताया गया कि उसी रात दीपक का एक दोस्त उनके घर पहुंचा और परिवार को घटना के बारे में जानकारी दी। सूचना मिलते ही उनकी पत्नी परिवार के अन्य सदस्यों के साथ होटल पहुंचीं।
होटल के कमरे में बेड पर पड़े मिले दीपक
परिवार के सदस्य होटल पहुंचे तो दीपक कमरे में बेड पर मृत अवस्था में पड़े थे। इसके बाद एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें सरकारी अस्पताल कुरुक्षेत्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामले की जांच के लिए घटनास्थल पर FSL टीम को बुलाया। टीम ने मौके से सैंपल एकत्र किए हैं। पुलिस होटल में दीपक के ठहरने की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
19 साल से दिल की बीमारी की दवा ले रहे थे
दीपक की पत्नी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके पति को करीब 19 साल से दिल संबंधी परेशानी थी और वह नियमित रूप से दवा ले रहे थे। पत्नी ने उनकी मौत के पीछे हार्ट अटैक की आशंका जताई है। उन्होंने किसी पर शक जाहिर नहीं किया और न ही किसी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करवाने की इच्छा जताई।
थाना सदर पिहोवा के SHO एवं DSP रोहित कुमार के अनुसार, पुलिस ने पत्नी के बयान के आधार पर इत्तेफाकिया रिपोर्ट दर्ज की है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है।
होटल में कमरा क्यों लिया था? CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दीपक घर से होटल में लंच करने की बात कहकर निकले थे, तो उन्होंने वहां कमरा क्यों बुक किया था। पुलिस को आशंका है कि उनके साथ होटल के कमरे में कोई अन्य व्यक्ति भी रुका हो सकता है। इस पहलू की पड़ताल के लिए होटल की CCTV फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस के अनुसार, होटल के कमरे से कुछ संदिग्ध सामान भी मिला है। हालांकि, इस सामान की प्रकृति और मौत से उसके किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दीपक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में सीजन के पहले कोहरे की दस्तक, बारिश के बाद सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड

