Kurukshetra Missing Boy: कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते बदरपुर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मुरादनगर डेरा निवासी पशु व्यापारी का 13 वर्षीय बेटा ताहिर रहस्यमयी तरीके से लापता हो गया। किशोर पिछले 27 घंटों से ज्यादा समय से गायब है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे के बाद से ताहिर का कोई सुराग नहीं लग सका है, जिसके बाद पूरे गांव में चिंता और तनाव का माहौल बना हुआ है।
लापता ताहिर पांच भाई-बहनों (दो भाई और तीन बहनें) में शामिल है। घटना वाले दिन दोपहर में उसकी मां ने उसे गांव के ही एक ईंट भट्ठे के पास देखा था और तुरंत घर लौटने को कहा था। हालांकि, काफी समय बीत जाने के बाद भी जब ताहिर घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों की धड़कनें बढ़ गईं और उन्होंने आसपास के इलाकों में उसकी खोजबीन शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज में दिखा ताहिर, अंबाला रैली में जाने का भी संशय
परिजनों ने जब ईंट भट्ठे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें ताहिर भट्ठे से बाहर की तरफ जाता और फिर वापस आता हुआ नजर आ रहा है। लेकिन इसके बाद वह कहां गायब हुआ, यह रहस्य बना हुआ है। परिजनों ने एक आशंका यह भी जताई है कि बुधवार को अंबाला में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बड़ी रैली थी, जिसमें शामिल होने के लिए गांव से कई बसें गई थीं।
ताहिर के चार दोस्त भी उन बसों में सवार होकर अंबाला गए थे। परिजनों को लगा कि शायद ताहिर भी अपने दोस्तों के कहने पर उनके साथ चला गया होगा। हालांकि, जब अंबाला से लौटे उन बच्चों से पूछताछ की गई तो उन्होंने साफ कहा कि ताहिर उनके साथ नहीं गया था। इससे परिवार की चिंता और ज्यादा बढ़ गई है।
पश्चिमी यमुना नहर में गोताखोरों की तलाश जारी, पुलिस कार्यशैली से ग्रामीणों में रोष
दूसरी ओर, पश्चिमी यमुना नहर के पास से ही ताहिर का सुराग न मिलने पर परिजनों ने उसके नहर में डूबने की भी आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रसिद्ध गोताखोर आबिद अली की टीम को मौके पर बुलाया गया, जो नहर के तेज बहाव में ताहिर की तलाश कर रही है। आसपास के इलाकों में भी लाउडस्पीकर और स्थानीय लोगों की मदद से मुनादी कराई जा रही है।
इधर, बुधवार रात 10 बजे ही लाडवा थाना पुलिस को मामले की लिखित शिकायत दे दी गई थी। हालांकि, परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस शुरुआती घंटों में ढिलाई बरतती रही और उन्हें कोई ठोस मदद नहीं मिली। पुलिस की इस कार्यशैली से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। फिलहाल पुलिस प्रशासन का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और तमाम पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच की जा रही है और जल्द ही किशोर को खोज निकाला जाएगा।
यह भी देखें – हरियाणा में गुलाबी ठंड की दस्तक, जानिए अगले 4 दिनों के मौसम का हाल


