Ludhiana Accident : लुधियाना में तेज रफ्तार कार ने 5 वाहनों को उड़ाया, सीसीटीवी फुटेज वायरल
लुधियाना में तेज रफ्तार कार ने 5 वाहनों को उड़ाया, सीसीटीवी फुटेज वायरल
Ludhiana Accident : लुधियाना के व्यस्त इलाके में रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। शहर के बहादुरके रोड पर तेज रफ्तार टियागो ईवी कार ने सड़क पर चल रहे कई वाहनों को एक के बाद एक जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
गनीमत यह रही कि इस दर्दनाक घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन जिस तरह से बेकाबू कार ने कोहराम मचाया, उसने सड़क सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना का एक दिल दहला देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो हादसे की खौफनाक दास्तां बयां कर रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बहादुरके रोड पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक अनियंत्रित इलेक्ट्रिक कार ने सड़क पर चल रहे आम लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि शाम के वक्त आम दिनों की तरह ट्रैफिक चल रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही सफेद रंग की टियागो ईवी कार ने बिना किसी ब्रेक के आगे चल रहे साइकिल और बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार हवा में तीन गुलाटियां खाते हुए करीब 30 फीट दूर जा गिरा।
ई-रिक्शा के उड़े परखच्चे, हवा में उछले वाहन
रफ्तार का यह तांडव यहीं नहीं रुका। बाइक को रौंदने के बाद बेकाबू कार आगे बढ़ गई और सामने से आ रहे दो ई-रिक्शा और एक एक्टिवा को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह से पलट गया और उसके परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में ई-रिक्शा चालक जतिंदर पाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके पैर में फ्रैक्चर आया है और सिर पर भी गहरी चोट लगी है।
100 की रफ्तार और नशे में होने का शक
घायल ई-रिक्शा चालक जतिंदर पाल सिंह, जो अपनी गाड़ी में दो सवारियां लेकर जा रहे थे, उन्होंने बताया कि सामने से आ रही कार की रफ्तार कम से कम 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा रही होगी। एक सेकंड के भीतर ही उसने सब कुछ तहस-नहस कर दिया।
जतिंदर ने यह भी आशंका जताई कि दुर्घटना के तुरंत बाद कार चालक इस स्थिति में नहीं था कि वह खुद को संभाल सके, जिससे उसके नशे में होने का पूरा शक है। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सलेम टाबरी थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर कार चालक इतनी तेज गति से गाड़ी क्यों चला रहा था और क्या वह वाकई नशे में था।
