Ludhiana murder case: लुधियाना में शनिवार सुबह एक युवक की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया। रेडू साहिब गुरुद्वारे के पास एक मकान में घुसे हमलावरों ने शक्ति सिंह उर्फ भूरा (40) पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले के दौरान तलवार से उसका हाथ काटकर अलग कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल शक्ति सिंह को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अधिक खून बहने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी।
जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद आसपास के लोग घायल युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसका खून रोकने और जान बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी रही। इलाज के दौरान शक्ति सिंह की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपियों के कटा हुआ हाथ अपने साथ ले जाने और उसे एक दुकानदार को सौंपने की बात सामने आई है।
कटा हाथ लिफाफे में डालकर दुकानदार को दिया
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि हमलावर युवक का कटा हुआ हाथ अपने साथ ले गए थे। इसके बाद आरोपी सतगुरु नगर की गली नंबर-9 स्थित एक करियाना दुकान पर पहुंचे। उन्होंने कटे हुए हाथ को लिफाफे में डालकर दुकानदार को थमा दिया और उससे कहा कि इसे युवक के घर पहुंचा देना। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हाथ दुकानदार के पास छोड़कर क्यों गए और इस दौरान उनकी क्या मंशा थी। दुकानदार से मिली जानकारी भी जांच का हिस्सा है। पुलिस घटनास्थल के आसपास और दुकान की ओर जाने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
आपसी रंजिश का शक, युवक और आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
SHO जितेंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को रेडू साहिब गुरुद्वारे के पास एक मकान में मारपीट होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने मकान मालिक के साथ भी मारपीट की थी। इसके बाद शक्ति सिंह पर तेजधार हथियारों से हमला किए जाने की बात सामने आई। SHO के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा लग रहा है। पुलिस को उन लोगों के नाम भी मिले हैं, जिनके साथ शक्ति सिंह का उठना-बैठना था। जांच की जा रही है कि इनमें से किसी की इस वारदात में कोई भूमिका तो नहीं है। पुलिस ने बताया कि शक्ति सिंह के खिलाफ पहले से करीब 12 मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड होने की बात भी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल और करियाना दुकान के आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है। दुकानदार से मिली जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।
Click Here👉 लुधियाना से जुड़ी अन्य ख़बरें पढने के लिए लिंक पर जाएं

