September 25, 2026

Ludhiana Road Accident Gill Canal : कनाल रोड पर ट्रक ने एक्टिवा सवारों को कुचला, बी-फार्मेसी छात्र की मौत

0
Ludhiana Road Accident Gill Canal : कनाल रोड पर ट्रक ने एक्टिवा सवारों को कुचला, बी-फार्मेसी छात्र की मौत

कनाल रोड पर ट्रक ने एक्टिवा सवारों को कुचला, बी-फार्मेसी छात्र की मौत

Ludhiana Road Accident Gill Canal :  पंजाब के औद्योगिक शहर लुधियाना में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। गिल नहर के पास डी-मार्ट के सामने गुरुवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने एक्टिवा सवार दो युवकों को कुचल दिया। इस हादसे में 20 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और लहूलुहान हालत में घायल युवक को तुरंत पास के कल्याण अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक घायल की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसका आईसीयू में इलाज जारी है।

दो दिन पहले ही लिया था दाखिला, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक की शिनाख्त बस्ती जोधेवाल के बापू स्कूल क्षेत्र निवासी रोहित कुमार (20) के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान उसके दोस्त परवीन के रूप में की गई है। दोनों युवक मूल रूप से नेपाल के रहने वाले थे और लुधियाना में रहकर मेहनत-मजदूरी व पढ़ाई कर रहे थे।

रोहित के बड़े भाई वरिंदर कुमार ने रोते हुए बताया कि रोहित ने महज दो दिन पहले ही सिग्मा कॉलेज में बी-फार्मेसी में एडमिशन लिया था। वह दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करके बच्चों का पालन-पोषण कर रहे थे।

 गलत दिशा में खड़ी एंबुलेंस बनी हादसे की वजह

घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कनाल रोड पर एक निजी एंबुलेंस गलत दिशा में बिना किसी चेतावनी संकेत के खड़ी थी। देर रात कॉलेज से लौटते समय रोहित की एक्टिवा अचानक सड़क पर खड़ी एंबुलेंस से टकरा गई।

जैसे ही दोनों युवक सड़क पर गिरे, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ओवरलोडेड ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद एंबुलेंस चालक और ट्रक ड्राइवर दोनों अपने वाहन लेकर मौके से रफूचक्कर हो गए।

 सीसीटीवी फुटेज से ट्रक चालकों की तलाश में जुटी मराडो पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही थाना सदर के अधीन आती चौकी मराडो की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक रोहित के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।

मराडो चौकी पुलिस कनाल रोड और डी-मार्ट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के जरिए आरोपी ट्रक और एंबुलेंस के नंबर प्लेट का पता लगाया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने दोषी ड्राइवरों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Patti Medical Store Sealed : बिना बिल दवाईयां बेचने पर मेडिकल स्टोर सील, स्वास्थ्य मंत्री को भेजी लाइसेंस रद्द करने की रिपोर्ट

Click Here : पंजाब, मोहाली, चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों की ताज़ा खबरों और अपडेट्स से जुड़े रहने के लिए आप हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन कर सकते हैं। ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed