Mahendragarh Jagannath Rath Yatra: महेंद्रगढ़ शहर का माहौल रविवार शाम पूरी तरह से श्रीकृष्ण भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। मौका था पहली बार आयोजित हुई भगवान श्री जगन्नाथ, भ्राता बलभद्र और बहन सुभद्रा जी की भव्य रथयात्रा का। इस्कॉन मंदिर गुरुग्राम शाखा की मनीषा दीदी की टीम और स्थानीय शहरवासियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक समागम में जनसैलाब उमड़ पड़ा।
रथ खींचने और ‘जय जगन्नाथ’ के उद्घोष से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा। पहली बार हुए इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
सैनी सभा से हुई शुरुआत, विधायक ने दिखाई हरी झंडी
रथयात्रा का औपचारिक शुभारंभ शहर की सैनी सभा से हुआ। स्थानीय विधायक कंवर सिंह यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इसके बाद रथयात्रा सैनी सभा से शुरू होकर सैनी पुरा, ऐतिहासिक 11 हट्टा बाजार, भगवान परशुराम चौक, मुख्य सब्जी मंडी, बालाजी चौक, सिनेमा रोड, मसानी चौक और गौशाला रोड से होते हुए राजा मैरिज पैलेस पहुंची। शाम को मैरिज पैलेस में भव्य महाआरती और संध्या आरती के साथ धार्मिक कार्यक्रम का समापन हुआ।
रंगोली से सजीं सड़कें, जगह-जगह हुई पुष्प वर्षा और छबील का आयोजन
भगवान जगन्नाथ के स्वागत के लिए महेंद्रगढ़ की मुख्य सड़कों को दुल्हन की तरह सजाया गया था। मुख्य मार्गों और चौराहों पर श्रद्धालुओं ने हाथों से आकर्षक और पक्की रंगोलियां बनाई थीं। भगवान परशुराम चौक समेत प्रमुख चौराहों को रंग-बिरंगी झालरों, लाइटों और ताजे फूलों से सजाया गया था।
जैसे-जैसे रथ आगे बढ़ता गया, वैसे-वैसे छतों और रास्तों से श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान का अभिनंदन किया। भक्ति के इस सफर में शहरवासियों ने सेवा भाव की भी मिसाल पेश की। जगह-जगह हलवे, खीर, खिचड़ी के भंडारे लगाए गए, वहीं भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए ठंडे शरबत और शिकंजी की छबीलें लगाई गईं।
शहर के गणमान्य लोग और हजारों श्रद्धालु रहे मौजूद
इस ऐतिहासिक और भव्य रथयात्रा में क्षेत्र के कई दिग्गज राजनेता, समाज सेवी और धार्मिक प्रतिनिधि शामिल हुए। विधायक कंवर सिंह यादव के अलावा नगर पालिका प्रधान रमेश सैनी, सैनी सभा के प्रधान सुरेश सैनी, स्वर्णकार सभा प्रधान लक्खीराम सोनी, समाजसेवी नवीन राव, डॉ. सुदर्शन यादव, रवि सोनी और पार्षद प्रतिनिधि अश्विनी सोनी मौजूद रहे।
साथ ही विनोद पेट्रोल पंप वाले, पूर्व अग्रवाल सभा प्रधान शिव शंकर अग्रवाल, दिनेश गोयल, राजेश गुप्ता, नरेश चेयरमैन, राजू सोनी, गोविंदराम, बालमुकुंद, रामजीवन मित्तल, एडवोकेट सुरेंद्र बंटी, लक्ष्मी नारायण सैनी और प्रवक्ता अमरसिंह सोनी सहित हजारों की संख्या में नर-नारियों ने भाग लिया।
यह भी पढ़ें– Sonam Wangchuk: मेदांता से आज सोनम वांगचुक को मिल सकती है छुट्टी, जानिए कैसी है सेहत

