Mahendragarh News: महेंद्रगढ़ स्थित हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SOET) यानी बीटेक ब्लॉक से एक बड़ी खबर सामने आई है। बुधवार रात बीटेक ब्लॉक के एक क्लासरूम में अचानक एयर कंडीशनर (AC) फटने से आग लग गई । घटना के बाद क्लास रुम की हालत का विडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। गनीमत यह रही कि घटना के समय कक्षा में कोई भी विद्यार्थी मौजूद नहीं था, जिसके चलते एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
क्लासरूम में रखा सामान जलकर खाक
बुधवार रात बीटेक ब्लॉक के एक कमरे से अचानक तेज धमाके जैसी आवाज आई और धुआँ उठने लगा। स्थिति को भांपते हुए मौके पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस आगजनी की घटना में क्लासरूम में रखे गए अध्ययन के लिए उपयोग होने वाले डेस्क और कई महत्वपूर्ण बिजली के उपकरण जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
गेट नंबर-2 पर छात्रों का फूटा गुस्सा, की नारेबाजी
घटना के अगले दिन यानी गुरुवार शाम को विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों का गुस्सा प्रशासन के खिलाफ फूट पड़ा। सुरक्षा व्यवस्था और पुराने व खराब हो रहे उपकरणों के रखरखाव पर गंभीर सवाल उठाते हुए छात्रों ने विश्वविद्यालय के गेट नंबर-2 पर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का मुख्य आरोप था कि विश्वविद्यालय परिसर में इतनी बड़ी और खतरनाक घटना होने के बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने इस मामले में कोई गंभीरता नहीं दिखाई। छात्रों का कहना था कि वे लंबे समय तक मुख्य द्वार पर विरोध प्रदर्शन करते रहे, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन का कोई भी वरिष्ठ अधिकारी या प्रतिनिधि उनकी सुध लेने या उन्हें समझाने मौके पर नहीं आया।
पुलिस के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन
विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर छात्रों के प्रदर्शन और मार्ग बाधित होने की सूचना मिलते ही अकोदा पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने आक्रोशित छात्रों को समझा-शांत करने का प्रयास किया। हालांकि विद्यार्थी अपनी मांगों और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम को लेकर अड़े रहे। अंततः पुलिस प्रशासन द्वारा छात्रों को कुलपति (Vice Chancellor) से मुलाकात कराने का ठोस आश्वासन दिया गया, जिसके बाद विद्यार्थियों ने अपना धरना और प्रदर्शन समाप्त किया।
यह भी देखें – बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों एवं दिव्यांगजनों की शिकायत घर जाकर लेगी पुलिस; आमजन ईमेल, व्हाट्सएप और फोन से भी रख सकेंगे अपनी बात

