Moga crime news: पंजाब के मोगा में रविवार शाम एक घटना घटित हुई जिसमें, अंधाधुंध हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। अंगदपुरा मोहल्ले में अपने घर के बाहर खड़े चार युवकों पर काले रंग की स्कॉर्पियो में आए हथियारबंद हमलावरों ने गोलियां बरसा दीं। हमले में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद सभी आरोपी ऊरार हो गए। परिवार और पड़ोसियों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान गगन और साहिल जिंदल उर्फ लंबी की मौत हो गई, जबकि राघव और गोरा को गंभीर हालत आईसीयू में भर्ती किया गया है जहां उनकी नाजुक बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक, साहिल जिंदल उर्फ लंबी, गगन, राघव और गोरा रविवार शाम करीब 7:15 बजे अंगदपुरा मोहल्ले में अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो वहां आकर रुकी। गाड़ी में सवार हथियारबंद युवकों ने पहले पता पूछा और फिर अचानक चारों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
हमलावरों ने चारों युवकों को निशाना बनाया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गोलियां लगने से चारों युवक लहूलुहान होकर गिर पड़े। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों के साथ मिलकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से चारों घायलों को मेडिसिटी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद गगन को मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर, गंभीर रूप से घायल साहिल जिंदल को बेहतर इलाज के लिए लुधियाना के डीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उसने भी दम तोड़ दिया।
फायरिंग में घायल राघव और गोरा की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। दोनों को ICU में भर्ती कर डॉक्टरों की निगरानी में इलाज दिया जा रहा है। गोलीबारी में दो युवकों की मौत और दो के गंभीर रूप से घायल होने के बाद मोहल्ले में तनाव और दहशत का माहौल बन गया। पुलिस की शुरुआती जांच में हमले के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वारदात की पूरी वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर पुलिस जांच कर रही है। अभी आरोपियों की गिरफ्तारी और हमले के पीछे की सटीक वजह की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
एसएसपी सरताज सिंह चाहल ने घटनास्थल का लिया जायजा
वारदात की सूचना मिलते ही मोगा के एसएसपी सरताज सिंह चाहल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। पुलिस ने जांच तेज करते हुए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर अपने कब्जे में ले लिए हैं। जांच में सीसीटीवी फुटेज अहम भूमिका निभा सकती है। पुलिस इन कैमरों की रिकॉर्डिंग के जरिए स्कॉर्पियो की आवाजाही, हमलावरों की पहचान और वारदात के बाद उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
एसएसपी सरताज सिंह चाहल ने बताया कि हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच के विभिन्न पहलुओं पर काम किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। फिलहाल पुलिस के सामने हमलावरों की पहचान करने, वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो का पता लगाने और रंजिश के पीछे की वजह स्पष्ट करने की चुनौती है।
Click Here👉मोगा के धल्लेके में व्यक्ति ने गोली मारकर की खुदकुशी

