Yamunanagar Missing Child: हरियाणा के यमुनानगर स्थित सढौरा क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां धान की कटाई के सीजन में बिहार से मजदूरी करने आए एक प्रवासी परिवार का डेढ़ साल का मासूम बच्चा छोटू बीते छह दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। 20 अक्तूबर की आधी रात को मां के बगल में सो रहा बच्चा अचानक गायब हो गया। छह दिन गुजर जाने के बावजूद बच्चे का कोई सुराग न मिलने से परिजनों का सब्र टूट रहा है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
दूध पिलाते समय लगी मां की आंख, रात तीन बजे देखा तो खाली था बिछौना
पीड़ित पिता परमाल सिंह ने बताया कि वह धान के सीजन में मजदूरी के सिलसिले में सढौरा आए हुए हैं और कालाआंब रोड के पास अस्थाई ठिकाना बनाकर रह रहे हैं। 20 अक्तूबर की रात करीब तीन बजे जब बच्चे की मां की आंख खुली तो उसके होश उड़ गए। रात को दूध पिलाते समय मां की आंख लग गई थी और जब नींद टूटी तो बच्चा गायब था। परिजनों ने तुरंत आसपास के इलाके में खोजबीन शुरू की, लेकिन जब बच्चे का कहीं पता नहीं चला तो मामले की सूचना सढौरा थाना पुलिस को दी गई।
चार बहनों का इकलौता भाई है छोटू, संदिग्ध पर गहराया शक
लापता मासूम छोटू अपने परिवार में चार बहनों का इकलौता भाई है, जिसके अचानक गायब होने से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में किसी पुरानी रंजिश से साफ इनकार किया है, हालांकि उन्होंने एक संदिग्ध घटना का जिक्र जरूर किया है। परिजनों के मुताबिक, घटना से दो-तीन दिन पहले रात करीब एक बजे एक अज्ञात व्यक्ति उनके ठिकाने के पास आकर बदतमीजी कर रहा था। विरोध करने पर परिजनों के परिचित ने उसे थप्पड़ जड़ दिया था, जिसके बाद वह पास के गन्ने के खेत में भाग गया था। परिजनों को शक है कि उसी रंजिश में बच्चे का अपहरण किया गया है।
पुलिस ने दर्ज किया अपहरण का केस, गन्ने के खेतों में तलाश जारी
सढौरा थाना प्रभारी लखविंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें आसपास के क्षेत्रों, सड़कों और गन्ने के खेतों में तलाशी अभियान चला रही हैं। इसके साथ ही संदेहास्पद व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से तफ्तीश कर रही है और जल्द ही मासूम को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में करवट लेगा मौसम, 28 और 29 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट, 14 जिलों में हवाओं के साथ बिजली चमकने की चेतावनी

